‘कांतारा मिमिक्री’ मामले में चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे अभिनेता रणवीर सिंह
'कांतारा मिमिक्री' मामले में चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे अभिनेता रणवीर सिंह
मैसूरु (कर्नाटक), 26 मई (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने ‘कांतारा’ मिमिक्री मामले में कर्नाटक उच्च न्यायालय के निर्देश के तहत मंगलवार को चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह मंदिर चामुंडी पहाड़ियों की चोटी पर स्थित है।
मंदिर के एक पुजारी ने संवाददाताओं को बताया, ‘वह सुबह करीब 7:45 बजे आए। किसी को पता नहीं था कि वह आए हैं…उन्होंने मास्क पहना हुआ था, इसलिए कोई उन्हें पहचान नहीं पाया। जब वह मंदिर के अंदर आए और मास्क हटाया, तब हमें पता चला कि वह अभिनेता हैं।’
उन्होंने कहा, ‘वह दो अन्य लोगों के साथ आए थे। अर्चन (पुष्प अर्पण) करने के बाद, हमने उन्हें प्रसाद दिया और विदा कर दिया। उन्होंने दस मिनट तक प्रार्थना की और अपनी यात्रा का उद्देश्य नहीं बताया।’
पिछले महीने उच्च न्यायालय ने फिल्म ‘कांतारा’ में चित्रित देवता की नकल करने से संबंधित मामले में अभिनेता के खिलाफ कार्यवाही रद्द कर दी थी।
अदालत का यह फैसला अभिनेता द्वारा बिना शर्त माफी मांगने के बाद आया।
अदालत ने रणवीर के वकील द्वारा प्रस्तुत संशोधित हलफनामे को भी स्वीकार कर लिया था और उन्हें अपने आचरण के लिए प्रायश्चित करने हेतु चामुंडी देवी के दर्शन करने को कहा था।
यह विवाद गोवा में फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह में अभिनेता द्वारा फिल्म ‘कांतारा’ को लेकर की गई कथित टिप्पणियों से संबंधित है। रणवीर पर एक देवता की नकल करने और उसे ‘शैतान’ कहने का आरोप है।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए एक वकील द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर फिल्म ‘धुरंधर’ के अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


