अभिनेत्री नोरा फतेही बृहस्पतिवार को महिला आयोग के समक्ष पेश होंगी
अभिनेत्री नोरा फतेही बृहस्पतिवार को महिला आयोग के समक्ष पेश होंगी
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) अभिनेत्री नोरा फतेही राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष बृहस्पतिवार को पेश होकर ‘सरके चुनर’ गाने में महिलाओं को कथित तौर पर अभद्र तरीके से चित्रित करने के मामले में अपना पक्ष रखेंगी। आयोग ने उन्हें इस मामले में समन जारी किया था।
पिछले महीने, अभिनेता संजय दत्त भी फिल्म ‘केडी द डेविल’ के गाने को लेकर हुए विवाद के सिलसिले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष पेश हुए थे और समाज को हुई किसी भी क्षति के लिए खेद जताते हुए लिखित माफीनामा दिया था।
फतेही को समन के मुताबिक बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोग के समक्ष पेश होना है। हालांकि, अभिनेत्री ने गाने के हिंदी संस्करण से खुद को यह कहते हुए किनारा कर लिया है कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण की शूटिंग की थी और हिंदी में इसके उपयोग के लिए उनकी अनुमति नहीं ली गई थी।
आयोग ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘एनसीडब्ल्यू ने गीत ‘सरके चुनर’ से संबंधित मामले की सुनवाई निर्धारित की है। इस संबंध में अभिनेत्री नोरा फतेही को तलब किया गया है और वह कल पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोग के समक्ष पेश होंगी।’’
इससे पहले, फतेही ने विदेश में होने का हवाला देते हुए एनसीडब्ल्यू के समक्ष पेश होने में असमर्थता जताई थी और नयी तारीख निर्धारित करने का अनुरोध किया था।
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर के नेतृत्व वाले आयोग के सामने पिछले महीने जब संजय दत्त पेश हुए, तो आयोग ने कथित अश्लीलता और महिलाओं के अनुचित चित्रण पर चिंता व्यक्त करते हुए इरादे, जागरूकता और जवाबदेही के मुद्दों पर सवाल उठाए।
सुधारात्मक उपाय के रूप में, दत्त ने सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत 50 आदिवासी लड़कियों की शिक्षा को प्रायोजित करने का वादा किया।
इस गाने का हिंदी संस्करण 15 मार्च को यूट्यूब पर रिलीज़ किया था, लेकिन गाने के कथित अश्लील चित्रण और बोलों के कारण लोगों ने नाराजगी जताई थी। विरोध के बाद, निर्माताओं ने हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया, हालांकि यह अन्य मंचों पर प्रसारित होता रहा।
गीतकार, गायक और निर्देशक ने भी इसको लेकर माफी मांगी थी।
‘केडी द डेविल’ एक कन्नड़ फिल्म है, जिसे हिंदी सहित चार भाषाओं में डब किया गया है।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश

Facebook


