फर्जी पासपोर्ट पर यात्रा करने के आरोप में गोवा हवाई अड्डे पर अफगान नागरिक गिरफ्तार
फर्जी पासपोर्ट पर यात्रा करने के आरोप में गोवा हवाई अड्डे पर अफगान नागरिक गिरफ्तार
पणजी, 11 मई (भाषा) खुद को भारतीय नागरिक बताकर फर्जी पासपोर्ट पर यात्रा करने के आरोप में एक अफगान नागरिक को गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान दिवराज हिरो के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अफगानिस्तान के कंधार का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। उसे रविवार तड़के हवाई अड्डे की अप्रवासन जांच चौकी पर यात्रा दस्तावेजों में विसंगतियां पाए जाने के बाद पकड़ा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी हाल ही में रूस से बहरीन होते हुए गोवा पहुंचा था। उसके पास से ‘अनिल शुक्ला’ के नाम से धोखाधड़ी से बनवाया गया भारतीय पासपोर्ट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसे दिल्ली का निवासी दिखाया गया था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने इससे पहले ‘सुरेश आहूजा’ बनकर एक अन्य भारतीय पासपोर्ट हासिल किया था।
अधिकारी के मुताबिक, आरोपी के पास एक अफगान पासपोर्ट भी मिला है और वह 2009 से कई बार भारत आ-जा चुका है। जांच में पता चला कि उसने भारत के बाहर अपना अफगान पासपोर्ट नवीनीकृत कराया था और दो जनवरी, 2016 को फिर से भारत में प्रवेश किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ डाबोलिम हवाई अड्डा पुलिस थाने में जालसाजी, धोखाधड़ी और पहचान छिपाकर किसी अन्य के नाम पर यात्रा करने (प्रतिरूपण) से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सुमित वैभव
वैभव

Facebook


