टी20 विश्व कप जीत के बाद देश भ्रर में जश्न का माहौल
टी20 विश्व कप जीत के बाद देश भ्रर में जश्न का माहौल
नयी दिल्ली/अहमदाबाद, आठ मार्च (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम की लगातार दूसरी टी20 विश्व कप जीत पर रविवार रात देश भर के विभिन्न शहरों में उत्साहित खेल प्रेमियों ने सड़कों पर तिरंगा लहराते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।
इस दौरान लोगों ने ‘इंडिया, इंडिया’ के नारे लगाए।
भारत द्वारा न्यूजीलैंड को 96 रन से हराने के बाद जम्मू से लेकर तिरुवनंतपुरम, पटना, रांची सहित विभिन्न शहरों में प्रशंसक एक-दूसरे को गले लगाते हुए और खुशियां मनाते देखे गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई गणमान्य लोगों ने टीम इंडिया को ‘एक्स’ पर बधाई दी।
मुर्मू ने कहा कि भारत को एकमात्र ऐसा देश है जिसने तीन बार टी20 विश्व कप जीता है। साथ ही, यह एकमात्र ऐसी टीम है जिसने लगातार दो बार कप जीता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीम इंडिया की जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय टीम ने देश को जश्न मनाने का एक और अविस्मरणीय अवसर दिया है।
अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में रात करीब 10.30 बजे मैच समाप्त होते ही युवा, बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में प्रशंसक सड़कों पर उमड़ पड़े।
दिल्ली में जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इंडिया गेट पर जमा हुए।
लखनऊ और जम्मू में प्रशंसकों ने पटाखे फोड़े वहीं मुंबई, रांची और रायपुर में लोगों को ढोलों की थाप पर नाचते देखा गया।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


