बाढ़ प्रभावित अरुणाचल का दौरा करने के बाद नड्डा ने केंद्र की ओर से पूरी मदद का भरोसा दिलाया
बाढ़ प्रभावित अरुणाचल का दौरा करने के बाद नड्डा ने केंद्र की ओर से पूरी मदद का भरोसा दिलाया
ईटानगर, छह अगस्त (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित अरुणाचल प्रदेश के लिए राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने केई पान्योर जिले के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालिया आकस्मिक बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि नड्डा ने पोस्सा गांव और इससे सटी एनईईपीसीओ कॉलोनी का दौरा किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में राज्य के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और राज्य सरकार के साथ समन्वय कर प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और वित्तीय मदद पहुंचाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि नुकसान का विस्तृत आकलन पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों के पुनर्वास का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
नड्डा के साथ राज्य के शहरी विकास मंत्री बालो राजा, याचुली के विधायक टोको तातुंग, केई पान्योर जिले के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
पूर्वोत्तर राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है; यह 28 जिलों में फैल गया है और इससे अनुमानित 1,55,858 लोग प्रभावित हुए हैं।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव

Facebook


