चुनाव जीतने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में मांस की दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया: तृणमूल

चुनाव जीतने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में मांस की दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया: तृणमूल

चुनाव जीतने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में मांस की दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया: तृणमूल
Modified Date: May 6, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: May 6, 2026 3:21 pm IST

कोलकाता, छह मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने विजय उत्सव के दौरान न्यू मार्केट इलाके में मांस की कुछ दुकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया और पार्टी ने इसे ‘गुंडागर्दी’ करार दिया।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने मंगलवार रात को हुई इस घटना के दौरान केंद्रीय बलों पर कोई कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य भाजपा नेताओं ने ‘बुलडोजर न्याय’ वाक्यांश का इस्तेमाल किया था और जोर देकर कहा था कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो हर अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया जाएगा।

तृणमूल ने एक पोस्ट में कहा, ‘भाजपा का ‘परिवर्तन’ आ गया है और यह बुलडोजर लेकर आया है। भाजपा समर्थकों की भीड़ ने खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए न्यू मार्केट इलाके के पास जमकर उत्पात मचाया, दुकानें तोड़ीं और तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की।’’

तृणमूल ने घटना का वीडियो संलग्न करते हुए कहा कि यह ‘‘उस ऐसी पार्टी का जश्न था जिसने भरोसे की बातें कीं और फिर आतंक फैलाया।’’

‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं सका है।

टीएमसी ने दावा किया कि यह घटना चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद ‘धमकी भरे रवैये’ को दर्शाती है।

पार्टी ने कहा, ‘‘चुनाव से पहले: भय दूर, भरोसा कायम… चुनाव के बाद: भरोसा दूर, बुलडोजर आया।’’

तृणमूल ने दावा किया कि कथित घटना राज्य में कानून-व्यवस्था के लिए एक ‘खतरनाक मिसाल’ कायम करती है।

पार्टी ने दावा किया कि केंद्रीय बल वहां मौजूद थे लेकिन उन्होंने ‘हस्तक्षेप नहीं किया’, और आरोप लगाया कि उन्हें ‘पीछे हटने’ के निर्देश दिए गए थे।

सोमवार को भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की, जिससे राज्य में टीएमसी के 15 साल के निरंतर शासन का अंत हो गया।

तृणमूल से राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कथित घटना को उजागर किया।

उन्होंने लिखा, ‘मध्य कोलकाता में, न्यू मार्केट के पास, पुलिस की अनुमति से। विजय समारोह के तहत मांस की दुकानों को गिराने के लिए एक बुलडोजर लाया गया। सीएपीएफ के जवान आसपास खड़े थे। यही है भाजपा का हाल। दुनिया को ये तस्वीरें देखने दीजिए।’

भाजपा ने आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य और अन्य नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा या प्रतिशोध का समर्थन नहीं करते हैं।

भट्टाचार्य ने कहा, ‘हम पुलिस और सुरक्षा बलों से आग्रह करते हैं कि वे जश्न के नाम पर शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में भाजपा की जीत का जश्न मनाने के लिए लोग इकट्ठा हुए थे, पुलिस और केंद्रीय बल वहां मौजूद थे और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

भाषा शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में