एआई समिट प्रदर्शन: दो और गिरफ्तार; पुलिस को बिहार चुनाव के लिए आवंटित धन के उपयोग का शक
एआई समिट प्रदर्शन: दो और गिरफ्तार; पुलिस को बिहार चुनाव के लिए आवंटित धन के उपयोग का शक
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘एआई समिट’ में कमीज उतार कर विरोध प्रदर्शन करने के सिलसिले में दिल्ली से भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के दो और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बिहार चुनाव के लिए आवंटित धनराशि का इस्तेमाल विरोध प्रदर्शन में किया गया था।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों की पहचान गिरधर और कुबेर मीणा के रूप में हुई है, जिससे इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 14 हो गई है।
पुलिस प्रदर्शन से जुड़े पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि बिहार विधानसभा चुनावों के लिए कथित तौर पर एकत्र की गई धनराशि का इस्तेमाल विरोध प्रदर्शन के वित्तपोषण में किया गया होगा।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वित्तीय जांच के तहत गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े कई बैंक खातों की जांच की गई है।
आरोपियों में शामिल कृष्णा हरि आईवाईसी के बिहार सचिव हैं और उन्हें अलग-अलग मौकों पर लगभग 40,000 रुपये से लेकर 1,00,000 रुपये तक की रकम मिली थी।
अधिकारी ने कहा, “पूछताछ से संकेत मिला है कि यह धनराशि बिहार चुनावों में इस्तेमाल नहीं हुई होगी। हम इसकी पुष्टि के लिए बैंक खातों और धन के संभावित स्रोत की जांच कर रहे हैं।”
पुलिस ने बताया कि आईवाईसी से जुड़े खातों की भी जांच की जा रही है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘हम जांच कर रहे हैं कि पैसा कैसे और कब खर्च किया गया और किन उद्देश्यों के लिए खर्च किया गया।’
जांचकर्ताओं के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के लिए सामान की व्यवस्था करने में कथित तौर पर लगभग 35,000 रुपये खर्च किए गए, जिसमें टी-शर्ट और बैनर छपवाना शामिल था। पुलिस ने बताया कि छाते भी छपवाए गए थे, लेकिन अज्ञात कारणों से उनका इस्तेमाल नहीं किया जा सका।
इस मामले में आईवाईसी से जुड़े अब तक कम से कम 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से तीन को शिमला पुलिस के साथ नाटकीय गतिरोध के बाद बृहस्पतिवार तड़के हिमाचल प्रदेश से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया।
अधिकारी ने बताया कि कथित साजिश और प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल किए गए धन के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


