एअर इंडिया विमान पेशाब मामला: मंगलवार को दर्ज किए जाएंगे चालक दल के दो सदस्यों के बयान

एअर इंडिया विमान पेशाब मामला: मंगलवार को दर्ज किए जाएंगे चालक दल के दो सदस्यों के बयान

एअर इंडिया विमान पेशाब मामला: मंगलवार को दर्ज किए जाएंगे चालक दल के दो सदस्यों के बयान
Modified Date: January 9, 2023 / 07:53 pm IST
Published Date: January 9, 2023 7:53 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जनवरी (भाषा) ‘एअर इंडिया’ के जिस विमान में एक व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब किया था, उसके चालक दल के दो सदस्यों के बयान मंगलवार को दर्ज किए जाएंगे। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि चालक दल के दो सदस्यों को सोमवार को पेश होना था, लेकिन वे दिल्ली से बाहर होने के चलते पेश नहीं हो सके।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “चूंकि 26 नवंबर की एअर इंडिया की उड़ान में शामिल रहे चालक दल के दो सदस्य दिल्ली से बाहर हैं, इसलिए वे आज जांच के सिलसिले में पेश नहीं हो सके। लिहाजा, हमने घटना के संबंध में बयान दर्ज करने के लिए उन्हें कल बुलाया है।”

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस विमान में सवार अन्य यात्रियों के बयान लेने की भी कोशिश कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने विमान चालक दल के नौ सदस्यों को तलब किया था और उनमें से सात ने पहले ही अपने बयान दर्ज करा दिए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि चालक दल के सदस्यों के बयानों से पुलिस को घटनाओं का क्रम स्थापित करने में मदद मिलेगी।

आरोपी शंकर मिश्रा ने कथित तौर पर पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आने वाली एअर इंडिया की उड़ान के ‘बिजनेस क्लास’ में एक महिला सह-यात्री पर नशे की हालत में पेशाब कर दिया था।

महिला ने इस संबंध में शिकायत दी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने चार जनवरी को मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके शनिवार को बेंगलुरु से उसे गिरफ्तार कर लिया।

बाद में एक अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि पुलिस हिरासत की याचिका खारिज कर दी।

भाषा

जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में