एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल की संपत्ति 222 करोड़ रुपये से अधिक, चुनावी हलफनामे में खुलासा
एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल की संपत्ति 222 करोड़ रुपये से अधिक, चुनावी हलफनामे में खुलासा
गुवाहाटी, 24 मार्च (भाषा) असम के चुनावी मैदान में सबसे धनी उम्मीदवारों में शामिल एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल की कुल संपत्ति 222.33 करोड़ रुपये से अधिक है, जो दो वर्ष पहले लगभग 151.70 करोड़ रुपये थी। अजमल की ओर से दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे में इस बात का खुलासा हुआ है।
अजमल की मौजूदा संपत्तियों में चल संपत्ति के रूप में 52.43 करोड़ रुपये से अधिक, जबकि अचल संपत्ति के रूप में 169.90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति शामिल है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों में जमीन के साथ-साथ फ्लैट भी हैं।
मध्य असम के होजाई जिले में बिन्नाकांडी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन के लिए प्रस्तुत हलफनामे के अनुसार, 70 वर्षीय व्यवसायी अजमल के खिलाफ दो आपराधिक मामले लंबित हैं, और उन्हें अभी तक किसी भी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है।
इत्र कारोबारी की पत्नी रिजवाना बदरुद्दीन अजमल की चल और अचल संपत्तियों का मूल्य क्रमशः 31.08 लाख रुपये और 3.65 करोड़ रुपये है।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में धुबरी सीट से नामांकन दाखिल करते वक्त दिये गए चुनावी हलफनामे में अजमल की चल संपत्ति 28.34 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति 123.36 करोड़ रुपये बताई गई थी। उस समय उन पर 1.15 करोड़ रुपये का कर्ज भी था।
अजमल ने 2006 में दक्षिण सलमारा से विधायक के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी और 2009 से लगातार तीन बार धुबरी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस के रकीबुल हुसैन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने असम की राजनीति में वापसी की।
ताजा हलफनामे के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अजमल की आय 3.21 करोड़ रुपये से अधिक रही, जबकि उनकी पत्नी की आय लगभग 50 हजार रुपये रही। अजमल की आय के प्रमुख स्रोतों में व्यवसाय, बैंक से प्राप्त ब्याज, साझेदारी फर्म से पारिश्रमिक, सांसद पेंशन, संपत्ति बिक्री से लाभ आदि शामिल हैं।
अजमल के पास 11.32 लाख रुपये से अधिक नकद और विभिन्न बैंक खातों में 9.73 करोड़ रुपये से अधिक जमा हैं। उनकी पत्नी के पास 26 हजार रुपये नकद और 7.39 लाख रुपये बैंक खातों में जमा हैं। दोनों के खाते असम और महाराष्ट्र में हैं, जबकि अजमल का एक खाता नयी दिल्ली में भी है।
एआईयूडीएफ प्रमुख की ओर से दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार, पूर्व सांसद ने 1975 में उत्तर प्रदेश के दारुल उलूम देवबंद से फाजिल परीक्षा उत्तीर्ण की थी। यही उनकी सर्वोच्च शैक्षणिक योग्यता है।
निवेश के मामले में अजमल के पास बॉन्ड, डिबेंचर, शेयर और म्यूचुअल फंड में 10.89 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश है, जबकि उनकी पत्नी के पास 10 लाख रुपये से अधिक का निवेश है। अजमल ने लगभग 29.80 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत ऋण दिया है, जबकि उनकी पत्नी ने 47.11 लाख रुपये उधार दिए हैं।
वाहनों की बात करें, तो अजमल के पास 1.56 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के छह वाहन हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 59.83 लाख रुपये मूल्य की तीन कारें हैं। अजमल के पास 188.7 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 31.85 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के पास कोई आभूषण नहीं है।
अचल संपत्ति में अजमल के पास असम में 55.47 लाख रुपये से अधिक मूल्य की कृषि भूमि है, जबकि उनकी पत्नी के पास कोई कृषि भूमि नहीं है। गैर-कृषि भूमि के तहत अजमल और उनकी पत्नी के पास क्रमशः 111.63 करोड़ रुपये और 3.65 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
इन संपत्तियों में महाराष्ट्र के खंडाला, असम के विभिन्न स्थानों तथा कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर और देवनहल्ली में स्थित प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा, अजमल के पास मुंबई में तीन फ्लैट और दिल्ली में एक फ्लैट है, जिनकी कुल कीमत 57.72 करोड़ रुपये है। उन पर 45 लाख रुपये का कार लोन भी है।
भाषा रविकांत दिलीप
दिलीप

Facebook


