राम मंदिर चंदा गबन मामले के सभी आठ आरोपी 29 जून तक पुलिस रिमांड पर
राम मंदिर चंदा गबन मामले के सभी आठ आरोपी 29 जून तक पुलिस रिमांड पर
अयोध्या, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की एक अदालत ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को 29 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ जारी रखेंगी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अभियोजन अधिकारी के.सी. वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों को सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इसके बाद उन्हें विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं।
वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि आरोपी लोकसेवक हैं और उन पर गबन का आरोप है, इसलिए उनके खिलाफ लोक सेवकों द्वारा विश्वास का आपराधिक उल्लंघन तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अभियोजन अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से पांच-छह बैंक कर्मचारी हैं, जिन्हें मंदिर में प्राप्त नकद दान की गणना के कार्य में लगाया गया था और वे बैंक से वेतन प्राप्त करते थे। हालांकि, उन्होंने जांच के इस चरण में संबंधित बैंक कर्मचारियों की पहचान उजागर करने से इनकार किया।
उन्होंने बताया कि टिन्नू यादव बैंक कर्मचारी नहीं है, बल्कि चालक के रूप में कार्यरत था, जबकि सुभाष श्रीवास्तव दान राशि की गणना की पूरी प्रक्रिया का प्रभारी था।
यह मामला राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नकद राशि और अन्य कीमती वस्तुओं के कथित गबन से जुड़ा है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी और मामले की जांच एसआईटी तथा अयोध्या पुलिस संयुक्त रूप से कर रही हैं।
भाषा
किशोर, जफर रवि कांत

Facebook


