आकाशवाणी ने समर्पित चित्र दीर्घा ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ का उद्घाटन किया
आकाशवाणी ने समर्पित चित्र दीर्घा ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ का उद्घाटन किया
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) आकाशवाणी के 90 साल पूरे होने के जश्न और 2027 में भारत में रेडियो प्रसारण के 100 साल पूरे होने की तैयारी के तहत, ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) ने बुधवार को ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ का उद्घाटन किया। यह एक खास चित्र दीर्घा है जो सार्वजनिक प्रसारक और भारत के महान संगीतकारों के बीच के अटूट रिश्ते को दिखाती है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, आकाशवाणी रंग भवन ऑडिटोरियम में इस चित्र दीर्घा का आज प्रसिद्ध बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया ने लोकार्पण किया।
इस मौके पर प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने आकाशवाणी की यात्रा में महान संगीतकारों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन संगीतकारों की वजह से आकाशवाणी का सुर साम्राज्य बेहद समृद्ध हुआ है।
इस चित्र दीर्घा में आकाशवाणी के सुर साम्राज्य को अपने उत्कृष्ट संगीत से समृद्ध कर चुकी 20 ऐसी हस्तियों की दुर्लभ तस्वीरें शामिल हैं, जिन्हें भारत रत्न, पद्म विभूषण और पद्म भूषण जैसे नागरिक सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
इस मौके पर हरिप्रसाद चौरसिया के शिष्य रूपक कुलकर्णी ने बांसुरी वादन के जरिए उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस कार्यक्रम में पद्मभूषण से सम्मानित शन्नो खुराना भी मौजूद रहीं। उनकी उम्र 99 साल की हो गई है और वह 1945 में ही आकाशवाणी से जुड़ी थीं।
इस मौके पर आकाशवाणी ने चित्र दीर्घा में शामिल किए गए सम्मानित कलाकारों और उनके परिवार के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया।
प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि यह महान संगीत हस्तियों को सम्मानित करने का पहला चरण है और आकाशवाणी के कई अन्य केंद्रों में भी ऐसी प्रेरणादायक चित्र दीर्घा समर्पित की जाएंगी, जिनमें स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगले चरणों में मशहूर और सम्मानित कलाकारों की और तस्वीरें भी जोड़ी जाएंगी।
इस चित्र दीर्घा में भारत रत्न से सम्मानित एमएस सुब्बुलक्ष्मी, पंडित रविशंकर, लता मंगेशकर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, पंडित भीमसेन जोशी और डॉ. भूपेन हजारिका की तस्वीर शामिल की गई है।
इसमें पद्मविभूषण से सम्मानित पं. हरिप्रसाद चौरसिया, उस्ताद अमजद अली खान और उस्ताद अल्लाउद्दीन खान के साथ ही पद्मभूषण से सम्मानित उस्ताद हाफिज अलीखान, पंडित बिरजू महाराज, पंडित कृष्णाराव शंकर पंडित, शन्नो खुराना, देबू चौधरी, शरणरानी बाकलीवाल, उस्ताद सबरी खान, उस्ताद असद अली खान और उस्ताद मुस्ताक हुसैन खान की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


