अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर बंगाल पहुंचे

अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर बंगाल पहुंचे

अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर बंगाल पहुंचे
Modified Date: January 31, 2026 / 12:17 am IST
Published Date: January 31, 2026 12:17 am IST

कोलकाता, 30 जनवरी (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे के लिए शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचे।

शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले तैयारियां तेज कर दी हैं।

गृह मंत्री असम का दौरा पूरा करके रात लगभग 9:45 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने उनका स्वागत किया।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि शाह को रात लगभग 8:10 बजे गुवाहाटी से कोलकाता पहुंचना था, लेकिन उड़ान भरने से पहले उन्हें गुवाहाटी में भाजपा की एक अहम बैठक में हिस्सा लेना पड़ा, जिसके कारण एक घंटे की देरी हुई।

सूत्रों के मुताबिक, शाह शुक्रवार रात वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में कोर कमेटी की बैठक करेंगे, जिसमें विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि गृह मंत्री शुक्रवार रात शहर के पास न्यू टाउन इलाके के एक होटल में रुकेंगे, जिसके बाद वह शनिवार को बैरकपुर के लिए रवाना होंगे।

सूत्रों के अनुसार, “शाह शनिवार को सबसे पहले बैरकपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करेंगे और फिर उत्तर बंगाल के लिए उड़ान भरेंगे, जहां वह भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।”

उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक होने की संभावना है, लेकिन अभी तक इस बारे में अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

यह एक महीने में शाह का पश्चिम बंगाल का दूसरा दौरा है। इससे पहले, उन्होंने पिछले साल 30-31 दिसंबर को पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता का दौरा किया था।

भाषा पारुल अमित

अमित


लेखक के बारे में