अमित शाह ने केरल के बेपोर में रोड शो में हिस्सा लिया

अमित शाह ने केरल के बेपोर में रोड शो में हिस्सा लिया

अमित शाह ने केरल के बेपोर में रोड शो में हिस्सा लिया
Modified Date: April 5, 2026 / 01:11 pm IST
Published Date: April 5, 2026 1:11 pm IST

कोझिकोड (केरल), पांच अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बेपोर विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल रोड शो किया, जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव प्रचार अभियान पर निकले भाजपा नेता का स्वागत करने के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े।

केरल में नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे।

शनिवार शाम को कालीकट हवाई अड्डे पर पहुंचे शाह ने मथोट्टम बिजिथ जंक्शन से नाडुवट्टम तक रोड शो किया। इस रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी के झंडे लिए और भगवा रंग की पगड़ी पहने खड़े थे।

टीवी चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों के अनुसार, लोग सुबह से ही शाह के रोड शो का इंतजार कर रहे थे।

शाह पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 20 मिनट पर मथोट्टम बिजिथ जंक्शन पहुंचे और फूलों से सजी एक खुली गाड़ी में सवार होकर उन्होंने सड़क के दोनों ओर जमा भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। भीड़ में शामिल लोगों के हाथों में वरिष्ठ भाजपा नेता के कटआउट थे।

ढोल की थाप पर रोड शो शुरू होने पर गृह मंत्री ने सड़क किनारे खड़े लोगों पर फूल बरसाए जो भाजपा, शाह और पार्टी के अन्य नेताओं के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

रोड शो के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता के साथ बेपोर निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार अधिवक्ता के पी प्रकाश बाबू भी थे।

शाह ने अपने फेसबुक पेज और ‘एक्स’ हैंडल पर रोड शो की तस्वीरें साझा करते हुए संदेश में लिखा, ‘‘पारदर्शी शासन के लिए केरल राजग के साथ खड़ा है।’’

बाबू का मुकाबला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पी. ए. मोहम्मद रियास और तृणमूल कांग्रेस के नेता पी वी अनवर से होगा जो संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

शाह आज एर्नाकुलम के कुन्नाथुनाड निर्वाचन क्षेत्र और तिरुवनंतपुरम के कट्टक्कड़ा में जनसभाएं करेंगे। शाम को वह राज्य की राजधानी में पार्टी के प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे।

गृह मंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, वह सोमवार को हरिपद में रोड शो करेंगे और फिर दिल्ली लौटेंगे।

भाषा सुरभि गोला

गोला


लेखक के बारे में