कर्नाटक : सियासी शतरंज की समाप्ति के बाद शाह बोले- हमने वही किया जो करना चाहिए था

Ads

कर्नाटक : सियासी शतरंज की समाप्ति के बाद शाह बोले- हमने वही किया जो करना चाहिए था

  •  
  • Publish Date - May 21, 2018 / 02:57 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:18 PM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक में लंबे सियासी उठा पटक के बाद भाजपा की सरकार नहीं बन पाई। लंबे चले सियासी शतरंज के खात्मे के बाद आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस पर जमकर वार किए। शाह ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को नकारा है। कर्नाटक ने भाजपा को स्वाकारा इसलिए हमने सरकार बनाने का प्रयास किया।

अमित शाह ने कहा कि हमने सरकार बनाने के लिए कोई जोड़-तोड़ नहीं की है। अगर कांग्रेस ने अपने विधायकों को बहुमत परीक्षण से पहले होटल में नहीं छुपाया होता तो उन्हें पता चल जाता कि जनता किसके साथ है।  बहुमत परीक्षण से पहले लगे विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर शाह ने कहा कि  हम पर तो हॉर्स ट्रेडिंग का गलत आरोप लगा है लेकिन इन्होंने तो पूरा अस्तबल बेचा खाया है। कांग्रेस ने गैर लोकतांत्रिक तरीके से अपने सारे विधायकों को होटल के कमरे में बंद किया अगर वो जनता के बीच जाते तो उन्हें जनता का मूड पता चल जाता।  

शाह ने कहा कि हमने वही किया जो हमें करना चाहिए था, सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते हमने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का प्रस्ताव पेश किया और सरकार बनाई। अगर हम ये नहीं करते तो फिरसे चुनाव करने की नौबत आ जाती।

अमित शाह ने आगे कहा कि कर्नाटक की जनता जश्न नहीं मना रही है बल्कि कांग्रेस-जेडीएस जश्न मना रहे हैं। कांग्रेस को चुनाव से पहले ही अंदेशा था कि वो चुनाव हारने जा रहे हैं। कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में सारी मर्यादाओं को तोड़ने का काम किया है. साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने खुद झूठा प्रचार किया है।

वेब डेस्क IBC24