अमिताभ बच्चन ने करियर की शुरुआत में एक समय 10-15 फिल्मों में अभिनय करने का दौर याद किया
अमिताभ बच्चन ने करियर की शुरुआत में एक समय 10-15 फिल्मों में अभिनय करने का दौर याद किया
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने एक साथ 10-15 फिल्मों में काम करने के दौर को याद किया और कहा कि उस समय कलाकारों को एक ही दिन में कई फिल्मों की शूटिंग करनी पड़ती थी।
पांच दशक से अधिक समय से अभिनय कर रहे बच्चन ने कहा कि उस दौरान वह “प्रेप” (तैयारी) शब्द से बिल्कुल अंजान थे।
उन्होंने शुक्रवार को अपने ब्लॉग पर शूटिंग के सेट की कुछ तस्वीरें साझा कीं और उनके साथ एक नोट भी लिखा।
उन्होंने लिखा, “मेरी पीढ़ी और उससे पहले के लोग ‘प्रेप’ शब्द या उसके मतलब से बिल्कुल अनजान थे। अब यह आम शब्द बन गया है, जिसमें कलाकार अपने काम की पहले से तैयारी करते हैं। मेरे लिए यह बिल्कुल नया था। आज मैं देखता हूं कि कलाकार अपने किरदार में ढलने के लिए कितना मेहनत और समय लगाते हैं। वे अपने लुक, स्टाइल और किरदार को पूरी तरह समझने के लिए काफी मेहनत करते हैं।”
उन्होंने कहा, “यह बहुत सही और सोच-समझकर किया जाने वाला काम है। जो कलाकार अपने किरदार की तैयारी को इतनी गंभीरता से लेते हैं, उनके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। यह बहुत अच्छा और प्रभावशाली है। लेकिन गुजरे दौर में जब हम एक साथ 10 से 15 फिल्मों में काम करते थे और कई बार एक ही दिन में दो या तीन फिल्मों की शूटिंग करते थे, तब एक फिल्म की तैयारी करना और उसी दिन दूसरी फिल्म के लिए अलग तैयारी करना बिल्कुल संभव नहीं था।”
बच्चन ने कहा कि उस समय जब कलाकार शूटिंग के लिए सेट पर पहुंचते थे, तब निर्देशक या उनके सहायक वहीं उन्हें उस दिन का दृश्य समझा देते थे।
बच्चन ने 1969 में फिल्म “सात हिंदुस्तानी” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने “शोले”, “जंजीर”, “डॉन” समेत कई फिल्मों में काम किया। वह अब तक 200 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।
अब बच्चन फिल्म “कल्कि 2898 एडी” के सीक्वल और “सेक्शन 84” में नजर आएंगे। “सेक्शन 84” में उनके साथ डायना पेंटी और निमरत कौर अभिनय करेंगी।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


