अमरावती यौन शोषण वीडियो: एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र के डीजीपी को समयबद्ध जांच का दिया निर्देश
अमरावती यौन शोषण वीडियो: एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र के डीजीपी को समयबद्ध जांच का दिया निर्देश
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती में 19 वर्षीय एक युवक द्वारा नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण और उनके साथ दुर्व्यवहार किये जाने के आरोप से संबंधित खबर का स्वतः संज्ञान लेते हुए, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने शुक्रवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस मामले की समयबद्ध जांच करने का निर्देश दिया।
आयोग ने महाराष्ट्र पुलिस से इस मामले में की गयी कार्रवाई पर पांच दिनों के अंदर एक रिपोर्ट भी मांगी है।
उसने एक बयान में कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनपर यौन हमला किया, उन कृत्यों को रिकॉर्ड किया और पीड़ितों को ब्लैकमेल करने के लिए वीडियो का इस्तेमाल किया।
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महाराष्ट्र के डीजीपी सदानंद वसंत दाते को निर्देश दिया कि वह सुनिश्चित करें कि इस मामले की समयबद्ध और गहन जांच हो तथा सभी पीड़ितों की पहचान और उन्हें सुरक्षा मिले एवं डिजिटल मंचों से ऐसी सामग्री हटा दी जाए।
बयान में कहा गया है, ‘‘खबर के अनुसार, 100 से अधिक ऐसे आपत्तिजनक वीडियो सामने आए हैं, जिससे सुरक्षा और साइबर शोषण को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।’’
इस ‘जघन्य’ घटना की निंदा करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने पीड़ितों को पहुंचे आघात और डिजिटल मंच के दुरुपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उसने इस मामले की व्यापक साइबर फॉरेंसिक जांच की भी मांग की है।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


