रामगढ़ में मुठभेड़ के बाद फरार गैंगस्टर प्रिंस खान का एक सहयोगी गिरफ्तार

रामगढ़ में मुठभेड़ के बाद फरार गैंगस्टर प्रिंस खान का एक सहयोगी गिरफ्तार

रामगढ़ में मुठभेड़ के बाद फरार गैंगस्टर प्रिंस खान का एक सहयोगी गिरफ्तार
Modified Date: July 6, 2026 / 03:54 pm IST
Published Date: July 6, 2026 3:54 pm IST

रामगढ़, छह जुलाई (भाषा) झारखंड पुलिस ने सोमवार को रामगढ़ जिले में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के एक साथी को गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शिवराज उर्फ ​​शिवा डोम (22) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसका सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह का एक हथियारबंद सदस्य विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा है, जिसके बाद रांची और धनबाद पुलिस ने भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित शिवराज के ठिकाने पर अभियान चलाया।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘पुलिस टीमों ने रविवार रात शिवराज को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने हाल ही में चार हथियार खरीदे थे और उनमें से दो को इलाके की एक सुनसान इमारत में छिपा दिया था। जब पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए उस जगह ले गई, तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई और उसके दाहिने पैर में गोली लग गई।’

अधिकारी के अनुसार, शिवराज ने बताया कि उसने बाकी दो हथियार अपने एक साथी को दिए हैं। उसकी दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कुजू थाना क्षेत्र के टोपा-हुआग से उसके साथी अरिज आलम को भी गिरफ़्तार कर लिया और उसके पास से दो पिस्तौल तथा 21 कारतूस बरामद किए।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने खान पर शिकंजा कस दिया है, वह कथित तौर पर पाकिस्तान से अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। उसे गिरफ्तार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से मदद मांगी गई है।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष


लेखक के बारे में