यूरोपीय संघ का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार से असम के दो दिवसीय दौरे पर
यूरोपीय संघ का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार से असम के दो दिवसीय दौरे पर
गुवाहाटी, सात जून (भाषा) यूरोपीय संघ का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार से असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा, जिसका उद्देश्य यूरोप और भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सहयोग के अवसरों का पता लगाना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘यूरोपीयन एक्सटर्नल एक्शन सर्विस’ (ईईएएस) ने एक बयान में कहा कि यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा उस संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडे की प्राथमिकताओं के अनुरूप होगा, जिस पर पिछले जनवरी में आयोजित भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में सहमति बनी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस टीम में यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के राजदूत और वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें भारत और भूटान में यूरोपीय संघ के राजदूत हरवे डेल्फिन और व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल का दौरा मजबूत भारत-यूरोपीय संघ संबंधों, गहरे व्यापारिक संबंधों और साझा प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण अध्याय है।
उन्होंने कहा, ‘कृषि, चाय, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में असम की बढ़ती मजबूती को देखते हुए यह साझेदारी निवेश, रोजगार और सीमा पार सहयोग के नए द्वार खोलेगी।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


