केरल के पथनमथिट्टा में स्पा में यौन उत्पीड़न के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

केरल के पथनमथिट्टा में स्पा में यौन उत्पीड़न के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

केरल के पथनमथिट्टा में स्पा में यौन उत्पीड़न के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: February 9, 2026 / 12:17 pm IST
Published Date: February 9, 2026 12:17 pm IST

पथनमथिट्टा/तिरुवनंतपुरम, नौ फरवरी (भाषा) पथनमथिट्टा के तिरुवल्ला में रुपये देने से इनकार करने पर एक गैंगस्टर द्वारा स्पा कर्मी का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पथनमथिट्टा जिले के निरानम निवासी वरुण कुमार (36) के रूप में हुई है जो सुबिन अलेक्जेंडर के गिरोह का सदस्य है। सुबिन ने एक फरवरी को कथित रूप से चाकू का डर दिखाकर स्पा कर्मचारी का यौन उत्पीड़न किया था।

पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इससे पहले मुख्य आरोपी सुबिन अलेक्जेंडर और उसके करीबी सहयोगी बर्लिन दास को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोच्चि के पास अलुवा इलाके में कुमार के छिपे होने की सूचना मिलने पर एक टीम ने रविवार रात वहां छापा मारा और उसे हिरासत में ले लिया।

बाद में उसे तिरुवल्ला पुलिस थाने लाया गया, जहां मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि तीन अन्य आरोपी साजिन, प्रशोब और किरण की तलाश जारी है।

एक अधिकारी ने कहा कि फरार आरोपियों में से दो के राज्य छोड़कर भाग जाने की आशंका है और उनकी तलाश कर्नाटक तथा तमिलनाडु में की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि वरुण कुमार की रिमांड हासिल करने के लिए उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।

तिरुवनंतपुरम में महापौर वी. वी. राजेश ने स्पा में होने वाली ‘क्रॉस-मसाज’ के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को कहा कि यह स्थानीय संस्कृति के खिलाफ है और राज्य की राजधानी जैसे शहरों में इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “तिरुवनंतपुरम में ‘क्रॉस-मसाज’ की अनुमति नहीं है। महिलाओं द्वारा पुरुषों की मालिश और इसके उलट व्यवस्था एक अलग संस्कृति को जन्म देती है, इसलिए इसकी इजाजत नहीं दी जा सकती। यदि यह कानूनी रूप से सही होती, तो हमें हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं पड़ती।”

राजेश ने कहा कि यदि अधिकारियों द्वारा प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया तो अन्य कई शहरों की तरह तिरुवनंतपुरम में भी ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले नगर निगम द्वारा राजधानी में ‘क्रॉस-मसाज’ सहित अवैध गतिविधियों में लिप्त स्पा के खिलाफ सख्त अभियान की घोषणा के एक दिन बाद नवनिर्वाचित महापौर की यह टिप्पणी आई है।

राजेश ने कहा कि पहले चरण में नगर निगम शहर की सीमा के भीतर संचालित सभी स्पा के दस्तावेजों की क्षेत्रवार जांच और सत्यापन करेगा।

महापौर ने रविवार को कहा था निगम यह भी जांच करेगा कि क्या शहर में कुछ स्पा आपराधिक गिरोहों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जैसा कि राज्य के अन्य हिस्सों से सामने आया है।

भाषा खारी गोला

गोला


लेखक के बारे में