अर्चना वर्मा ने जल संसाधन सचिव का पदभार संभाला
अर्चना वर्मा ने जल संसाधन सचिव का पदभार संभाला
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी अर्चना वर्मा ने बुधवार को जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग में सचिव का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने वी एल कंथा राव का स्थान लिया है।
असम-मेघालय कैडर की 1995 बैच की आईएएस अधिकारी वर्मा सचिव का पदभार ग्रहण करने से पहले राष्ट्रीय जल मिशन की मिशन निदेशक के रूप में कार्यरत थीं।
कार्मिक मंत्रालय ने 23 जुलाई के अपने आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए सोमवार देर रात उनकी नियुक्ति की घोषणा की।
इससे पहले, वर्मा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में कार्यरत थीं और केंद्र में कई वरिष्ठ पदों पर रहीं।
उन्होंने केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में अतिरिक्त सचिव के रूप में भी कार्य किया, जहां उन्होंने आयोग की नीतियों और दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार (जीएनसीटीडी) से संबंधित सतर्कता मुद्दों से जुड़े मामलों को संभाला।
वर्मा ने सितंबर 2022 में राष्ट्रीय जल मिशन (एनडब्ल्यूएम) के मिशन निदेशक के रूप में जल शक्ति मंत्रालय में कार्यभार संभाला। उन्होंने एनडब्ल्यूएम को जल शक्ति अभियान-कैच द रेन (जेएसए-सीटीआर) पहल से आगे ले जाने पर काम किया।
वर्मा ने लेडी श्री राम कॉलेज से इतिहास में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


