दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने दवा खरीद पर सचिव के जवाब को ‘असंतोषजनक’ बताया
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने दवा खरीद पर सचिव के जवाब को 'असंतोषजनक' बताया
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने दवा खरीद से संबंधित जानकारी पर अपने विभाग के सचिव के जवाब को “पूरी तरह असंतोषजनक” करार दिया और उन्हें 17 अगस्त तक संशोधित एवं विस्तृत जवाब प्रस्तुत करने का बुधवार को निर्देश दिया।
यह निर्देश बार-बार के निर्देशों के बावजूद दवाओं, चिकित्सा सामग्रियों और चिकित्सा उपकरणों की लंबित खरीद पर कार्य योजना प्रस्तुत करने में कथित विफलता को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को मंत्री द्वारा दिए गए कारण बताओ नोटिस के बाद आया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में सिंह ने इस जवाब पर असंतोष व्यक्त किया।
मंत्री ने कहा कि केवल यह कहना कि एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं, आधिकारिक रिकॉर्ड में उपलब्ध तथ्यात्मक जानकारी को रोकने का आधार नहीं हो सकता।
विज्ञप्ति के अनुसार, मांगी गई जानकारी ओआरएस पाउच, बेडशीट और पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों के संबंध में खरीद दरों, जीएसटी, आगमन लागत, खरीद की मात्रा और अन्य संबंधित रिकॉर्डों से संबंधित थी।
मंत्री ने कहा कि भुगतान बिलों पर कार्यवाही सामान्य वित्तीय नियमों (जीएफआर) के प्रावधानों के अनुसार वित्तीय जांच के बाद ही की जाती है और उनके साथ आपूर्ति आदेश, चालान, जीएसटी विवरण, निरीक्षण एवं स्वीकृति रिपोर्ट, डिलीवरी चालान, मात्रा सत्यापन प्रमाण पत्र और तुलनात्मक विवरण जैसे प्रासंगिक सहायक दस्तावेज संलग्न होते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के रिकॉर्ड आमतौर पर भुगतान और लेखा रिकॉर्ड से उपलब्ध होंगे, भले ही मूल खरीद फाइलें जांच के अधीन हों।
मंत्री ने कहा कि विशिष्ट प्रश्नों का ‘ऐसा अनौपचारिक और अधूरा जवाब’ अस्वीकार्य है।
सिंह ने सचिव को व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि केंद्रीय खरीद एजेंसी, लेखा शाखा, वेतन एवं लेखा कार्यालय और किसी भी अन्य कार्यालय द्वारा बनाए गए सभी उपलब्ध रिकॉर्ड का परीक्षण किया जाए और उन्हें प्रस्तुत किया जाए।
भाषा नोमान
नोमान गोला
गोला

Facebook


