अरुणाचल: सैन्य अड्डे के पास जंगल में आग लगी; वायुसेना के हेलीकॉप्टर को लगाया गया
अरुणाचल: सैन्य अड्डे के पास जंगल में आग लगी; वायुसेना के हेलीकॉप्टर को लगाया गया
ईटानगर, आठ मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में सिगार सैन्य अड्डे से लगे एक जंगल में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग तेजी से फैल रही है और इससे आसपास के महत्वपूर्ण रक्षा प्रतिष्ठानों को खतरा पैदा हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को लगी आग को बुझाने के लिए जिला प्रशासन और भारतीय सेना के सभी उपलब्ध कर्मियों को सेवा में लगा दिया गया है, लेकिन इलाके में दुर्गम भूभाग और घने जंगलों के कारण आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आ रही है।
उन्होंने बताया कि दुर्गम भूभाग होने के कारण जमीनी टीमों को आग पर काबू पाने में कठिनाई होने के बाद, राज्य सरकार ने हवाई अग्निशमन अभियानों में सहायता के लिए भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर को लगाने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर रविवार को तैनात किया गया। हालांकि, परिचालन संबंधी कारणों से रविवार शाम को हवाई अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया और इसके सोमवार सुबह फिर से शुरू होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष

Facebook


