ट्रेन में कथित हमले में आशुतोष ब्रह्मचारी मामूली रूप से घायल, शंकराचार्य ने की कार्रवाई की मांग

ट्रेन में कथित हमले में आशुतोष ब्रह्मचारी मामूली रूप से घायल, शंकराचार्य ने की कार्रवाई की मांग

ट्रेन में कथित हमले में आशुतोष ब्रह्मचारी मामूली रूप से घायल, शंकराचार्य ने की कार्रवाई की मांग
Modified Date: March 8, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: March 8, 2026 4:54 pm IST

प्रयागराज/रायबरेली (उप्र), आठ मार्च (भाषा) स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ बटुकों से यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर रविवार की सुबह सिराथू स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला कर दिया।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि घटना ‘मनगढ़ंत’ प्रतीत होती है।

प्रयागराज में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि आशुतोष महाराज का आरोप है कि वह रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज आ रहे थे, सुबह जब ट्रेन सिराथू स्टेशन के पास पहुंची तो वह ट्रेन के शौचालय गए तभी एक व्यक्ति ने उस्तरे से उन पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि आशुतोष महाराज का काल्विन अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। साथ ही घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।

जीआरपी अधिकारी ने कहा कि विवेचना के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष महाराज पर ट्रेन में किए गए कथित हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस घटना के दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

वाराणसी से लखनऊ की अपनी यात्रा के दौरान रायबरेली में संवाददाताओं से बातचीत में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमले के सवाल पर कहा, ‘‘यदि उनके ऊपर हमला हुआ है तो हमलावर को पकड़ा जाना चाहिए। उसे दंडित किया जाना चाहिए और उनकी सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए। रेलवे को भी संज्ञान लेना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम शारीरिक हिंसा के पक्ष में नहीं हैं। हम चाहते हैं कि जो भी कोई बात कहता है उसका तथ्यों व प्रमाणों से उत्तर दिया जाना चाहिए। हम पर जो आरोप लगाये गये उसका उत्तर हम न्यायालय में दे रहे हैं। हमको हमला करने की आवश्कता नहीं है।’’

हालांकि, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने एक वीडियो बयान में आशुतोष महाराज पर हुए कथित हमले पर सवाल उठाये और कहा कि यह घटना ‘‘मनगढ़ंत’’ लगती है लिहाजा रेलवे को पूरे मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कुछ खबरों के मुताबिक रेलवे कोच के अटेंडेंट ने कहा था कि आशुतोष जब शौचालय गए थे तो ठीक थे लेकिन लौटने पर घायल पाए गए।

उन्होंने कहा, “यह सिर्फ माहौल बनाने और सुरक्षा पाने के लिए बनाई गई एक मनगढ़ंत कहानी लगती है।”

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि रेलवे के अधिकारियों को जांच करनी चाहिए और तथ्यों को स्पष्ट रूप से सामने रखना चाहिए ताकि सच सामने आए।

आशुतोष महाराज की तहरीर पर पिछले महीने 21 फरवरी को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के खिलाफ माघ मेले के दौरान एक नाबालिग समेत दो लोगों के यौन शोषण के आरोपों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

यह कार्रवाई प्रयागराज की एक अदालत के आदेश पर की गई थी।

भाषा राजेंद्र सं सलीम खारी

खारी


लेखक के बारे में