असम: मादक पदार्थ के 10 तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित सामग्री जब्त

असम: मादक पदार्थ के 10 तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित सामग्री जब्त

असम: मादक पदार्थ के 10 तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित सामग्री जब्त
Modified Date: June 15, 2026 / 05:59 pm IST
Published Date: June 15, 2026 5:59 pm IST

डिब्रूगढ़, 15 जून (भाषा) असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक बड़े अभियान के दौरान कुल 10 संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और प्रतिबंधित सामान सहित कई आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की गई हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

डिब्रूगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव अभिजीत दिलीप के अनुसार, रविवार को डिब्रूगढ़ टाउन रेलवे स्टेशन के पास कालीबाड़ी इलाके की हरिजन कॉलोनी में चलाए गए अभियान में हेरोइन, नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और सोना जब्त किया गया।

उन्होनें बताया, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस की कई टीम ने शहर के बीचों-बीच सक्रिय मादक पदार्थ के एक संगठित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे कॉलोनी के कई खाली क्वार्टर और अन्य स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।’’

अधिकारी ने बताया कि कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई अन्य नाम भी सामने आए हैं और इस नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया, ‘‘अभियान के दौरान पुलिस ने आठ कंटेनर में छिपाकर रखी गई 79.55 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की। पुलिस ने एक मोबाइल हैंडसेट और एक सिम कार्ड भी जब्त किया।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बड़ी संख्या में सीरिंज (सूई) भी जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर मादक पदार्थों के सेवन और वितरण में किया जाता था।

उन्होंने बताया, ‘इनमें 40 पैकेट ऐसे शामिल थे, जिनमें से प्रत्येक में छह इंसुलिन सीरिंज थीं, जिससे इनकी कुल संख्या 240 हो गई। इसके अलावा छह पैकेट ऐसे थे, जिनमें से प्रत्येक में 10 अत्याधुनिक इंसुलिन सीरिंज थीं, जिससे उनकी संख्या 60 और हो गई।’’

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में