कर धोखाधड़ी मामले में असम एसटीएफ ने कोलकाता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
कर धोखाधड़ी मामले में असम एसटीएफ ने कोलकाता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
गुवाहाटी, छह अगस्त (भाषा) असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने देशभर में फैले कर धोखाधड़ी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के तहत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही ऐसे मामलों में गिरफ्तार व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है। यह जानकारी पुलिस के एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को दी गई।
बयान के अनुसार, ताजा गिरफ्तारियां पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान की गईं।
इसमें कहा गया कि देशव्यापी माल एवं सेवा कर (जीएसटी) धोखाधड़ी गिरोहों और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा करने वालों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एसटीएफ ने समन्वित छापेमारी और तलाशी अभियान चलाकर कोलकाता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बयान के मुताबिक, दो आरोपियों को रविवार को तिलजला इलाके से तथा एक अन्य आरोपी को मंगलवार को कैखाली क्षेत्र से पकड़ा गया। इसके अनुसार गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से दो कोलकाता के निवासी हैं, जबकि तीसरा असम के बक्सा जिले का रहने वाला है और वहीं छिपा हुआ था।
बयान में कहा गया कि सक्षम अदालत से आवश्यक आदेश प्राप्त करने के बाद आरोपियों को पारगमन हिरासत पर बुधवार रात गुवाहाटी लाया गया।
अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और विभिन्न दस्तावेज बरामद किए गए।
बयान के अनुसार, इन तीन गिरफ्तारियों के साथ हाल में सामने आए फर्जी जीएसटी और आईटीसी धोखाधड़ी मामलों में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
बयान में कहा गया, “मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।”
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


