पंजाब विधानसभा में कांग्रेस और भाजपा ने ‘अवैध खनन’ का मुद्दा उठाया
पंजाब विधानसभा में कांग्रेस और भाजपा ने 'अवैध खनन' का मुद्दा उठाया
चंडीगढ़, छह अगस्त (भाषा) पंजाब विधानसभा में बृहस्पतिवार को विपक्षी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने कथित अवैध खनन का मुद्दा उठाया। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस मामले की जांच के लिए सदन की समिति गठित करने की मांग की।
विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शून्यकाल में भाजपा विधायक अश्विनी शर्मा ने रावी नदी के किनारे कथित अवैध खनन का मुद्दा उठाया।
पठानकोट से विधायक शर्मा ने कहा कि आप सरकार ने इस गैर-कानूनी काम के प्रति ‘बर्दाश्त न करने’ की नीति का दावा किया था लेकिन इसके उलट हो रहा है।
शर्मा ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि कथित अवैध खनन से जुड़ी खबर प्रकाशित करने पर एक मीडिया संस्थान को धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात पर चिंता जतानी चाहिए कि अवैध खनन को कौन संरक्षण दे रहा था।
विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी अवैध रेत खनन का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि यह मामला पंजाब के हितों से जुड़ा है। बाजवा ने मांग की कि सदन की एक समिति बनाई जाए।
उन्होंने कहा, ‘हम संबंधित मंत्री को उन तीन नदियों और उन जगहों पर ले जाएंगे जहां अवैध खनन हो रहा है। क्या वह हमारे साथ चलेंगे?’
बाद में, जब विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों को और बोलने की इजाजत नहीं दी, तो वे सदन के बीचों-बीच आ गए, नारेबाजी की और सदन से बहिर्गमन कर गए।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


