गुवाहाटी, 31 जुलाई (भाषा) असम में आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता प्रणब डोले को कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत हिरासत में ले लिया गया है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक आदेश से यह बात सामने आई।
डोले के खिलाफ यह कदम काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित पंच-सितारा होटल के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़े एक मामले में उन्हें जमानत मिलने के एक दिन बाद उठाया गया।
डोले को 13 जुलाई को गुवाहाटी में गिरफ्तार किया गया था और गोलाघाट जिला कारागार में रखा गया था। बुधवार को एक स्थानीय अदालत ने जून में हुए विरोध-प्रदर्शन के मामले में उन्हें जमानत दे दी थी।
हालांकि, आदेश के मुताबिक, राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को डोले के खिलाफ रासुका लागू कर दिया, जिसके चलते उन्हें गोलाघाट जिला कारागार में अब भी हिरासत में रखा गया है।
भाषा पारुल सुरभि
सुरभि