नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वीडियो संदेश पर तंज कसते हुए कहा कि वह (मोदी) उन बच्चों को माफ करना चाहते हैं, जिन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान उन्हें अपशब्द कहे थे।
पार्टी ने कहा कि जब देश प्रधानमंत्री से माफी की मांग कर रहा है, तब उन्होंने इसके बजाय “देश को ही माफ कर दिया है।”
मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर जारी अपने वीडियो संदेश में कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों के दौरान न केवल उनके, बल्कि उनकी दिवंगत मां के खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे ‘‘गुमराह बच्चों’’ को अदालतों के चक्कर कटवाने से समस्या का हल नहीं होगा और इसलिए वह उन्हें माफ करना चाहते हैं।
कांग्रेस ने मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश को‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “इसे सुनिए। देश इनसे (मोदी) माफी मांगने के लिए कह रहा है, इन्होंने देश को माफ कर दिया।”
भाषा
पारुल सुरभि
सुरभि