ब्रह्मपुत्र नदी के पुल पर जन्मदिन मनाने के लिए असम के कारोबारी, पत्नी और अन्य पर मामला दर्ज

ब्रह्मपुत्र नदी के पुल पर जन्मदिन मनाने के लिए असम के कारोबारी, पत्नी और अन्य पर मामला दर्ज

ब्रह्मपुत्र नदी के पुल पर जन्मदिन मनाने के लिए असम के कारोबारी, पत्नी और अन्य पर मामला दर्ज
Modified Date: June 23, 2026 / 04:24 pm IST
Published Date: June 23, 2026 4:24 pm IST

गुवाहाटी, 23 जून (भाषा) असम पुलिस ने गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने एक पुल पर जन्मदिन मनाने के आरोप में मंगलवार को एक स्थानीय व्यवसायी, उनकी पत्नी और 12 अन्य लोगों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए सभी 14 लोगों को बुलाया है।

गुवाहाटी के पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयंत सारथी बोराह ने बताया कि सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के आधार पर भारालुमुख थाने में मामला दर्ज किया गया।

वीडियो में 21 और 22 जून की रात को कुमार भास्कर वर्मा सेतु के एक हिस्से पर व्यवसायी की पत्नी का जन्मदिन मनाते हुए दिखाया गया है। यह पुल गुवाहाटी शहर को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है।

महिला ने अपने पति और अन्य लोगों की मौजूदगी में जन्मदिन का केक काटा। सजावट के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया था और गुब्बारे लगाए गए थे।

लगभग 3,030 करोड़ रुपये की लागत से बने इस छह-लेन वाले पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 फरवरी को किया था और यह ब्रह्मपुत्र के शानदार नज़ारे के कारण पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है।

बोराह ने कहा, ‘‘हमने कल शाम सोशल मीडिया पर पुल पर जन्मदिन मनाने का वीडियो फुटेज देखा। हमने इसकी पुष्टि की और गाड़ी के मालिक का पता लगाया, और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है।’’

डीसीपी ने कहा, ‘‘हमारी रिपोर्ट के अनुसार, यह उनकी पत्नी का 42वां जन्मदिन था और उन्होंने पुल पर केक, रेड कार्पेट, गुब्बारों आदि के साथ इसे मनाया, जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है।’’

उन्होंने बताया कि व्यवसायी की एसयूवी गाड़ी और तीन अन्य गाड़ियां, जिनका इस्तेमाल आरोपी लोगों ने किया था, जब्त कर ली गई हैं।

बोराह ने कहा, ‘‘व्यवसायी और उनकी पत्नी समेत कुल 14 लोग थे, और सभी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।’’

उनके खिलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी ने कहा, ‘‘इस मामले की जांच चल रही है। कारोबारी का दावा है कि यह सब सिर्फ पांच मिनट के लिए हुआ था, लेकिन ऐसा लगता नहीं है। हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि यह जश्न पहले से तय था या अचानक हुआ।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम नियमों के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।’’

भाषा वैभव पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में