कोलकाता के पास न्यू टाउन में दो बसों की टक्कर में 12 लोग घायल
कोलकाता के पास न्यू टाउन में दो बसों की टक्कर में 12 लोग घायल
कोलकाता, 17 फरवरी (भाषा) कोलकाता के पास न्यूटाउन इलाके में मंगलवार दोपहर दो बसों की टक्कर में कम से कम 12 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में अधिकतर आईटी कंपनियों के कर्मचारी हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12 बजे न्यूटाउन मेला ग्राउंड के पास हुई। अलीपुर चिड़ियाघर से न्यूटाउन जा रही रूट 260 बस ने साल्ट लेक से बारासात जा रही डीएन 47 बस से आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक एक मोटरसाइकिल के सामने आ जाने से 260 नंबर की बस का चालक नियंत्रण खो बैठा और बस डीएन 47 के पीछे जा टकराई।
घायलों को तुरंत बिधाननगर उप-मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दोनों बसों के चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। इसने कहा कि बाद में उन्हें हिरासत में लेकर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


