हरिद्वार के इकबालपुर में अवैध खनन से जुड़ा ऑडियो सामने आया, पुलिस चौकी के सभी कर्मचारी निलंबित
हरिद्वार के इकबालपुर में अवैध खनन से जुड़ा ऑडियो सामने आया, पुलिस चौकी के सभी कर्मचारी निलंबित
देहरादून, 13 मार्च (भाषा) हरिद्वार जिले के इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से संबंधित एक ऑडियो वायरल होने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुक्रवार को एक दरोगा समेत पुलिस चौकी पर तैनात सभी छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों की अवैध खनन में भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच पुलिस अधीक्षक (देहात) शेखर चंद्र सुयाल को सौंप दी गयी है ।
एसएसपी ने बताया कि आरोप है कि इकबालपुर में तैनात एक पुलिसकर्मी से किसी ने क्षेत्र में अवैध खनन होने की शिकायत की थी जिसके बाद उसने खनन करने वाले को फोन करके शिकायत की जानकारी देते हुए खनन बंद करने को कहा।
एसएसपी ने कहा कि इसके बाद उस पुलिसकर्मी ने शिकायत करने वाले व्यक्ति को फोन करके कहा कि कोई खनन नहीं हुआ है।
इस बातचीत से जुड़ा एक ऑडियो वायरल हो गया है।
भुल्लर ने कहा, ‘ एक रिकॉर्डिंग मिली है जिससे प्रथम दृष्टया अवैध खनन मामले में पुलिसकर्मियों की मिलीभगत होने की संभावना लग रही है। इसी को देखते हुए इकबालपुर चौकी के प्रभारी समेत सभी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है तथा मामले की जांच एसपी (देहात) को सौंपी गयी है।”
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में इकबालपुर के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।
इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा दीप्ति
जोहेब
जोहेब

Facebook


