अयोध्या राम मंदिरः सीईओ पद के लिए दूसरे दिन चार उम्मीदवारों का साक्षात्कार हुआ
अयोध्या राम मंदिरः सीईओ पद के लिए दूसरे दिन चार उम्मीदवारों का साक्षात्कार हुआ
अयोध्या (उप्र), 12 अगस्त (भाषा) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद के लिए बुधवार को कुल चार उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया गया। उम्मीदवारों से बड़े आयोजनों के दौरान भारी भीड़ को संभालने की क्षमता और मंदिर की व्यवस्थाओं के संचालन से जुड़े सवाल पूछे गए।
सूत्रों ने बताया कि सीईओ के लिए चयन प्रक्रिया बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही जिसमें भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी राजेश पांडेय का दूसरी बार साक्षात्कार लिया गया। साथ ही बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक परेश सक्सेना भी साक्षात्कार देने वाले उम्मीदवारों में शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि ये साक्षात्कार राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में लिए जा रहे हैं क्योंकि न्यास राम मंदिर का प्रशासन और कामकाज देखने के लिए पूर्णकालिक सीईओ का चयन करना चाहता है।
सूत्रों के मुताबिक, उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय चयन समिति में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हवारे शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को आठ उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया गया था और बुधवार को चार आवेदक साक्षात्कार के लिए पेश हुए। साक्षात्कार की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को भी जारी रहने की संभावना है।
सूत्रों ने कहा कि समिति ने उम्मीदवारों से साक्षात्कार में अलग-अलग प्रश्न पूछे, जिनमें बुधवार को पूछे गए प्रश्न मंदिर व्यवस्था के कामकाज और प्रबंधन पर केंद्रित थे।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों से प्रमुख आयोजनों पर भारी भीड़ संभालने की उनकी क्षमता के बारे में भी प्रश्न पूछे। इसके अलावा, उम्मीदवारों की पारिवारिक पृष्ठभूमि और हिंदू धर्म और भगवान में उनकी आस्था से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए।
शेष उम्मीदवारों के लिए साक्षात्कार बृहस्पतिवार सुबह शुरू होगा।
सूत्रों ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों से उनके कार्य के अनुभव, राम मंदिर के लिए दूरदृष्टि और कार्य योजना के बारे में सवाल पूछे गए और कोई व्यक्तिगत प्रश्न नहीं पूछे गए जैसे कि क्या वे शराब का सेवन नहीं करते हैं, जनेऊ पहनते हैं, शाकाहारी हैं या किस तरह की पोशाक पहनते हैं।
मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन पूर्व अधिकारी, एक पूर्व आईपीएस अधिकारी और चार पूर्व सेना के अधिकारी साक्षात्कार के लिए पेश हुए। इन उम्मीदवारों से उनकी धार्मिक आस्था, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक एवं धार्मिक सक्रियता और राम मंदिर के लिए उनकी दूरदृष्टि एवं कार्य योजना के बारे में प्रश्न पूछे गए।
न्यास ने इस पद के लिए आए करीब 5,200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवारों को छांटा है। इनमें दक्षिण भारत के मंदिरों से जुड़े पूर्व वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। ये साक्षात्कार मंदिर परिसर में ‘ग्रीन हाउस’ में बंद दरवाजे के भीतर लिए जा रहे हैं और साक्षात्कार से पूर्व इन उम्मीदवारों को मंदिर परिसर का भ्रमण भी कराया जा रहा है।
सूत्रों ने कहा कि चयन समिति द्वारा तीन नामों को छांटे जाने की संभावना है जिसमें से अंतिम नियुक्ति न्यास द्वारा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राम मंदिर में चंदे के गबन के आरोपों के बाद पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया।
भाषा सं राजेंद्र गोला
गोला
गोला

Facebook


