बारुईपुर दुष्कर्म-हत्याकांड : ममता ने कोलकाता में विरोध रैली निकाली
बारुईपुर दुष्कर्म-हत्याकांड : ममता ने कोलकाता में विरोध रैली निकाली
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की कथित घटना के विरोध में कोलकाता में कालीघाट स्थित अपने आवास से सोमवार को एक रैली निकाली।
हाथ में मोमबत्ती थामे ममता ने विरोध रैली का नेतृत्व किया, जिसमें पार्टी सांसद डोला सेन, प्रतिमा मंडल और डेरेक ओब्रायन के अलावा तृणमूल कांग्रेस के ममता गुट के कई समर्थकों ने हिस्सा लिया।
रैली के दौरान ममता हरीश चटर्जी मार्ग से गुजरीं, जहां उनका आवास स्थित है। रैली में शामिल प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तख्तियां थाम रखी थीं, जिन पर पीड़िता और उसके परिवार के लिए न्याय की मांग को लेकर नारे लिखे हुए थे।
प्रदर्शनकारी कालीघाट रोड का चक्कर लगाते हुए ममता के आवास के सामने पहुंचे, जहां रैली समाप्त हुई।
रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस के ममता नीत खेमे के नेताओं ने बारुईपुर का दौरा कर पीड़िता के परिजन से मुलाकात की।
पीड़िता शनिवार शाम अपनी सहेली के लिए जन्मदिन का तोहफा खरीदने के लिए घर से निकली थी, तभी उसे अगवा कर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
कोलकाता से 25 किलोमीटर दूर स्थित बारुईपुर का दौरा करने वाले तृणमूल नेताओं में पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक बिमान बनर्जी, राज्यसभा सदस्य डोला सेन और जयनगर की सांसद प्रतिमा मंडल सहित अन्य शामिल थे।
उन्होंने पीड़िता के माता-पिता से अलग-अलग मुलाकात कर उन्हें पार्टी की तरफ से कानूनी और अन्य तरह की मदद का भरोसा दिलाया।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप

Facebook


