बंगाल: बदला दिखा विधानसभा का रंग, शपथ ग्रहण के दिन पूजा और मछली-भात का आयोजन

बंगाल: बदला दिखा विधानसभा का रंग, शपथ ग्रहण के दिन पूजा और मछली-भात का आयोजन

बंगाल: बदला दिखा विधानसभा का रंग, शपथ ग्रहण के दिन पूजा और मछली-भात का आयोजन
Modified Date: May 13, 2026 / 07:08 pm IST
Published Date: May 13, 2026 7:08 pm IST

कोलकाता, 13 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह के पहले दिन बुधवार को लीक से हटकर कई गतिविधियां देखने को मिलीं जिनमें विधानसभा परिसर में पूजा का आयोजन किया जाना और सदस्यों को सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए भोजन में मछली के व्यंजन परोसा जाना शामिल है।

इन प्रतीकात्मक कार्यों की वजह से विधानसभा की कार्यवाही एक अलग सांस्कृतिक और वैचारिक रंग में रंगी नजर आई। दो दिवसीय शपथ ग्रहण समारोह के पहले दिन 294 सदस्यीय विधानसभा में से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत 140 से ज्यादा विधायकों ने शपथ ली। अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष तापस रॉय ने विधायकों को शपथ दिलाई।

सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों ने शपथ ली। शपथ ग्रहण करने वाले विधायकों में राज्य की पहली भाजपा सरकार के नव-नियुक्त मंत्री दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदिराम टुडू और निशीत प्रमाणिक शामिल थे।

विपक्षी तृणमूल कांग्रेस की ओर से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी और कामरहाटी के विधायक मदन मित्रा ने शपथ ली। वहीं आरजी कर अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले की पीड़िता की मां भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ तथा अभिनय के क्षेत्र से राजनीति में आईं रूपा गांगुली ने भी शपथ ग्रहण की।

अधिकारी ने बाद में अपने कक्ष में पूजा-अर्चना की, जो राज्य के विधायी इतिहास में अभूतपूर्व घटना मानी जा रही है। इस समारोह में स्वयं मुख्यमंत्री ने अनुष्ठानिक घंटी बजाई और इस दौरान विधानसभा परिसर शंखध्वनि से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है। यहां हम पारदर्शिता के साथ जनता के लिए काम करेंगे।”

अधिकारी ने बिना अधिक विवरण दिए यह भी कहा, “तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं ने मुझसे कहा है कि आखिरकार उन्हें अपनी आजादी मिल गई।”

दिन की कार्यवाही के पहले चरण के अंत में कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी नव-निर्वाचित विधायकों के लिए विशेष ‘माछ-भात’ (मछली-चावल) भोज की व्यवस्था की गई है।

यह केवल एक साधारण भोजन नहीं था, बल्कि इसमें राजनीतिक प्रतीकवाद और सांस्कृतिक संदेश छिपा था क्योंकि तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान दावा किया था कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो पश्चिम बंगाल में मांसाहार पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

इससे पहले शपथ ग्रहण समारोह के पहले दिन 140 से ज्यादा विधायकों ने शपथ ली।

विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष तापस रॉय ने कहा कि बाकी 146 नवनिर्वाचित विधायक बृहस्पतिवार को शपथ लेंगे।

रॉय ने पत्रकारों से कहा, “आज 150 विधायकों के शपथ लेने का कार्यक्रम था, लेकिन विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए कुछ विधायक उपस्थित नहीं हुए।”

भाषा

जोहेब प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में