बंगाल:परीक्षा परिणामों में ‘देरी’ को लेकर बर्दवान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान झड़प

Ads

बंगाल:परीक्षा परिणामों में ‘देरी’ को लेकर बर्दवान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान झड़प

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 05:37 PM IST

कोलकाता, छह मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में राज्य द्वारा संचालित बर्दवान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर शुक्रवार को छात्रसंघ चुनावों के आयोजन में कथित देरी और संस्थान के सेमेस्टर परिणामों के प्रकाशन में देरी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की छात्र शाखा के लगभग 300 कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर पूर्व बर्धमान जिले में विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने राजगंज इलाके में विश्वविद्यालय के गेट पर चढ़ने का प्रयास किया।

अधिकारी ने कहा, “प्रदर्शनकारी छात्रों ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया क्योंकि इस जमावड़े से वाहनों की आवाजाही और आसपास के अन्य कार्यालयों में कामकाज बाधित हो रहा था।”

स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के एक प्रदर्शनकारी ने पत्रकारों को बताया कि वे कुलपति या रजिस्ट्रार से मिलकर छात्रसंघ चुनाव कराने और सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम जल्द से जल्द प्रकाशित करने की अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपना चाहते हैं।

भाषा प्रशांत मनीषा

मनीषा