बंगाल कांग्रेस ने नदिया जिले में पार्टी नेता और उसके बेटे की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन किया
बंगाल कांग्रेस ने नदिया जिले में पार्टी नेता और उसके बेटे की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन किया
कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाते हुए सोमवार को राज्य पुलिस मुख्यालय तक एक रैली निकाली।
यह रैली स्वतंत्रता दिवस पर नदिया जिले में पार्टी नेता अनीसुर रहमान (50) और उनके बेटे अबू सूफियान (24) की हत्या के विरोध में आयोजित की गई थी।
अलीपुर इलाके में बारिश के बावजूद करीब 500 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय तक पहुंचने से पहले लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय की।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डब्ल्यूबीपीसीसी)के अध्यक्ष सुवंकर सरकार ने बांकुड़ा ज़िले में कथित हमले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के एक स्वयंसेवक के पिता की मौत का मुद्दा भी उठाया।
सुवंकर ने रैली के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हमारे नादिया जिले के नेता और उनके युवा बेटे पर बदमाशों ने गोलियां बरसाईं और बेरहमी से काट डाला, जबकि उन्होंने हाल ही में नकाशीपाड़ा पुलिस थाना प्रभारी को अपनी जान को खतरे के बारे में बताया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह, कॉजपा के एक स्वयंसेवक के पिता जनाब माफिक की शनिवार रात बर्दवान चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल में मौत हो गई। बांकुड़ा में अपने गांव के एक स्कूल को बेहतर बनाने के बारे में बात करने पर कुछ बदमाशों ने उन पर हमला किया था, जिसके दो दिन बाद उनकी मौत हुई।’’
सुवंकर ने कहा, ‘‘एक के बाद एक घटनाएं हो रही हैं। हम पुलिस महानिदेशक और मुख्यमंत्री से तत्काल और सख्त कदम उठाने की अपील करते हैं। अगर सरकार और पुलिस प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध में सड़कों पर उतरेंगे।’’
इस बीच, पुलिस ने बताया कि नदिया मामले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 9.30 बजे दोनों पीड़ित अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी उनके घर से करीब 200 मीटर दूर नकाशीपाड़ा में नागाडी रेलवे गेट के पास उनकी गाड़ी को रोका गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने कथित तौर पर गाड़ी पर गोली चलाई और फिर धारदार हथियारों से उन दो लोगों पर हमला किया। ज़्यादा खून बहने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बांकुड़ा के इंदस में कॉजपा स्वयंसेवक के पिता जनाब माफिक की मौत के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनमें से तीन को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पांच लोगों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


