बंगाल पंचायत चुनाव : चौथे दिन भी हिंसा जारी

बंगाल पंचायत चुनाव : चौथे दिन भी हिंसा जारी

बंगाल पंचायत चुनाव : चौथे दिन भी हिंसा जारी
Modified Date: June 13, 2023 / 02:56 pm IST
Published Date: June 13, 2023 2:56 pm IST

कोलकाता, 13 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किए जाने के चौथे दिन भी हिंसा हुई और राज्य के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में बम फेंके गए जिससे कई लोग घायल हो गए।

यह घटना बिजयगंज बाजार के पास हुई जो प्रखंड विकास कार्यालय (बीडीओ) से एक किलोमीटर से भी कम दूर है। नामांकन पत्र प्रखंड विकास कार्यालय में दाखिल किए जा रहे हैं।

इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के स्थानीय विधायक ने घोषणा की थी कि पंचायत चुनाव के लिए उनकी पार्टी के उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

स्थानीय टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित फुटेज में दिखाया गया है कि अज्ञात बदमाशों द्वारा बम फेंके जाने के बाद पुलिस कर्मी और पत्रकार भाग रहे हैं।

इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी आईएसएफ ने एक दूसरे पर हिंसा में शामिल होने का आरोप लगाया।

राज्य के कई जिलों में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के पहले दिन नौ जून से ही हिंसा की घटनाएं हो रही हैं।

भाषा अविनाश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में