बंगाल चुनाव : प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर कोलकाता में रोडशो किया

Ads

बंगाल चुनाव : प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर कोलकाता में रोडशो किया

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 07:26 PM IST

(तस्वीर के साथ)

कोलकाता, 26 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से पहले भाजपा ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है और इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को उत्तरी कोलकाता में एक रोड शो किया।

‘भारत माता की जय’, ‘जय श्री राम’ और भाजपा के पश्चिम बंगाल चुनाव के नारे ‘पलटनो दरकार, तेई भाजपा सरकार’ (परिवर्तन लाने के लिए भाजपा सरकार जरूरी है) के नारों के बीच, रोड शो बी के पाल एवेन्यू से शुरू हुआ और शोभा बाजार होते हुए खन्ना क्रॉसिंग पर समाप्त हुआ।

दो किलोमीटर दूरी तय करने वाले रोडशो में सड़क के दोनों ओर समर्थकों की भीड़ नजर आई। मोदी ने नागरिकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिनमें से कई अपने घरों की बालकनी या खिड़कियों के पास खड़े थे।

मोदी भगवा रंग के वाहन पर खड़े थे, जो फूलों, नेता की तस्वीरों और भाजपा के चुनाव चिह्न ‘कमल’ के कटआउट से सजा हुआ था।

रोडशो के दौरान सड़कों पर कई उत्साही लोग अपने मोबाइल फोन से लगातार तस्वीरें खींचते दिखे, जबकि तमाम लोग प्रधानमंत्री की प्रशंसा में नारे लिखे हुए तख्तियां और बैनर लहरा रहे थे।

एसपीजी कर्मियों और कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों को भी उमड़ती भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि चारों ओर ‘मोदी, मोदी’ के नारे गूंज रहे थे।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप