बंगाल चुनाव: प्रधानमंत्री मंगलवार को भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे
बंगाल चुनाव: प्रधानमंत्री मंगलवार को भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे
कोलकाता, 14 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान के तहत मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे।
भाजपा के एक नेता ने बताया कि यह संवाद ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत नमो ऐप के माध्यम से होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मंगलवार शाम चार बजे बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।’’
मोदी ने हाल ही में हुई चुनावी रैलियों के दौरान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति, घुसपैठ और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की तथा राज्य में मतुआ समुदाय के लिए नागरिकता (संशोधन) अधिनियम लागू करने तथा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का वादा किया।
प्रधानमंत्री की जनसभाओं का उद्देश्य मध्य और उत्तरी बंगाल में भाजपा के समर्थन को मजबूत करना था।
मोदी ने पांच अप्रैल को उत्तरी बंगाल के कूच बिहार से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।
पश्चिम बंगाल में राज्य विधानसभा की 294 सीट के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


