बंगाल चुनाव: आरजी कर पीड़िता की मां को तृणमूल के विरोध का सामना करना पड़ा

बंगाल चुनाव: आरजी कर पीड़िता की मां को तृणमूल के विरोध का सामना करना पड़ा

बंगाल चुनाव: आरजी कर पीड़िता की मां को तृणमूल के विरोध का सामना करना पड़ा
Modified Date: April 29, 2026 / 05:25 pm IST
Published Date: April 29, 2026 5:25 pm IST

(फोटो सहित)

कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं आरजी कर बलात्कार-हत्या मामले की पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ को बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले में स्थित एक मतदान केंद्र पर जाने के दौरान तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा।

देवनाथ ने यह भी आरोप लगाया कि मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ हुई बहस के बाद सत्तारूढ़ दल के समर्थकों ने उन्हें बूथ परिसर से बाहर निकलने से रोक दिया।

उन्होंने पत्रकारों को बताया, ‘‘जब मैं मतदान केंद्र से बाहर आ रही थी, तो मैंने एक बुजुर्ग महिला को देखा जो कमजोर लग रही थी और उसे चलने में कठिनाई हो रही थी। मैंने वहां मौजूद लोगों से उस महिला को वोट डालने में मदद करने का अनुरोध किया। लेकिन जैसे ही मैं बाहर निकली, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुझ पर मतदाता को प्रभावित करने का आरोप लगाया और मुझे वहां से जाने से रोक दिया।’’

केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने उन्हें वहां से निकलने में मदद की। उन्होंने केंद्रीय बलों से उपद्रव करने और मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि आयोग ने कथित घटना की रिपोर्ट मांगी है।

तृणमूल कांग्रेस नेता ने देवनाथ पर मतदाताओं को प्रभावित करने और चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘किसी ने उन्हें धमकी नहीं दी। वह नौटंकी कर रही हैं।’’

इससे पहले, देवनाथ ने सोदपुर में मतदान किया और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोग बदलाव के लिए मतदान करेंगे और राज्य को तृणमूल कांग्रेस के ‘कुशासन’ से मुक्त कराएंगे।

देवनाथ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने में तृणमूल कांग्रेस विफल रही है। आरजी कर मामले में अब तक केवल एक ही गिरफ्तारी हुई है। जिस स्थान को अस्पताल में बेहद सुरक्षित माना जाता था, वहां आरोपी कैसे पहुंच गया?’’

कोलकाता के सरकारी आर जी कर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त 2024 को एक युवा डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना ने देशभर में आक्रोश पैदा किया था। घटना के करीब 20 महीने बाद अब यह पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य में भी प्रमुख मुद्दा बन गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी बेटी के अलावा, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान सैकड़ों महिलाएं अत्याचार का सामना कर रही हैं। मेरी प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा है।’’

उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि ‘‘हमें यह सुनिश्चित करना है कि एक भी वोट व्यर्थ न जाए।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इस जघन्य अपराध को दबाने की कोशिश की।

पानीहाटी सीट पर उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष के पुत्र तीर्थांकर घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कलातन दासगुप्ता से है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में