बंगाल: बुजुर्ग की पीटकर हत्या करने के आरोप में तृणमूल ने पार्षद को छह साल के लिए निलंबित किया
बंगाल: बुजुर्ग की पीटकर हत्या करने के आरोप में तृणमूल ने पार्षद को छह साल के लिए निलंबित किया
कोलकाता, नौ फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने उत्तरी बैरकपुर नगरपालिका के पार्षद रवींद्र नाथ भट्टाचार्य को 80 वर्षीय एक व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद छह साल के लिए निलंबित कर दिया है।
इस हमले के बाद बुजुर्ग की मौत हो गई थी।
तृणमूल के नेता एवं सांसद पार्थ भौमिक ने कहा कि पार्टी ने इस मामले पर ‘‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’’ का रुख अपनाते हुए पार्षद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि भट्टाचार्य ने वार्ड संख्या 23 में अपने घर के सामने अवैध निर्माण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे तुलसी अधिकारी की कथित तौर पर पिटाई की थी। अधिकारी शनिवार को मौके पर ही गिर गए और बैरकपुर छावनी स्थित जगदीश चंद्र बोस अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भौमिक ने कहा, ‘‘पार्षद को पार्टी से छह साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। पार्टी इस तरह के कृत्य में शामिल किसी को भी संरक्षण नहीं देगी।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भट्टाचार्य को गिरफ्तार किए जाने के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी से पहले पार्षद ने आरोपों को ‘‘बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित’’ बताकर खारिज कर दिया था तथा दावा किया था कि हमला उन पर किया गया था।
इस घटना के बाद इलाके के स्थानीय लोगों ने दोषी को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
भाषा यासिर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


