बेंगलुरु खदान हादसा : एनएचआरसी ने कर्नाटक सरकार को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में मांगा जवाब
बेंगलुरु खदान हादसा : एनएचआरसी ने कर्नाटक सरकार को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में मांगा जवाब
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बेंगलुरु में दो जुलाई को एक खदान में हुए हादसे में सात प्रवासी मजदूरों की मौत पर संज्ञान लेते हुए कर्नाटक सरकार को नोटिस जारी किया है और दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एनएचआरसी ने मीडिया में आई उन खबरों पर संज्ञान लिया, जिसके मुताबिक हादसे से खदान मालिक की लापरवाही का संकेत मिलता है। आयोग ने कहा कि अगर ये खबरें सच हैं, तो इनसे मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला बनता है।
पुलिस के एक अधिकारी ने पूर्व में बताया था कि कर्नाटक की एक खदान में ग्रेनाइट का एक विशाल शिलाखंड ऊपर से खिसककर सात मजदूरों पर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने इस जानलेवा घटना के लिए ‘‘लापरवाही’’ को ज़िम्मेदार ठहराया। हादसे में मारे गए मजदूरों में पांच मध्य प्रदेश के निवासी थे।
एनएचआरसी ने बयान में कहा कि खबरों के मुताबिक, खदान मालिक की कथित लापरवाही से हुए इस हादसे के समय वहां पर करीब 16 मजदूर काम कर रहे थे। इसलिए कर्नाटक सरकार के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया जाता है।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, हादसे के समय पत्थर तोड़ने वाली दो मशीनें चल रही थीं। घटना की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


