बेंगलुरु पुलिस ने टाउन हॉल में प्रदर्शन के ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आह्वान पर लोगों को चेताया

बेंगलुरु पुलिस ने टाउन हॉल में प्रदर्शन के ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आह्वान पर लोगों को चेताया

बेंगलुरु पुलिस ने टाउन हॉल में प्रदर्शन के ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आह्वान पर लोगों को चेताया
Modified Date: May 22, 2026 / 08:46 pm IST
Published Date: May 22, 2026 8:46 pm IST

बेंगलुरु, 22 मई (भाषा) बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को लोगों को 24 मई को टाउन हॉल के पास कथित तौर पर ‘‘कॉकरोच जनता पार्टी कर्नाटक’’ नामक एक समूह द्वारा आयोजित प्रस्तावित ‘‘शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला’’ कार्यक्रम में भाग लेने या सोशल मीडिया पर इससे संबंधित संदेशों को प्रसारित करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है।

बेंगलुरु सिटी पुलिस ने एक प्रेस नोट में कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लोगों को रविवार को टाउन हॉल के सामने बड़ी संख्या में एकत्र होकर शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला बनाने के लिए आमंत्रित किया गया था।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल ने इस कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति के लिए कोई आवेदन नहीं दिया है और न ही पुलिस या जीबीए अधिकारियों द्वारा स्थल के उपयोग की मंजूरी दी गई है।

पुलिस ने कहा, ‘‘यह जानकारी सामने आई है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी, कर्नाटक’ शीर्षक से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट प्रसारित की गई है, जिसमें 24 मई को टाउन हॉल के सामने शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला बनाने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में एकत्र होने का निमंत्रण दिया गया है।’’

पुलिस बयान के अनुसार, कर्नाटक उच्च न्यायालय के एक अगस्त 2022 के आदेश के मुताबिक फ्रीडम पार्क के अलावा किसी अन्य स्थान पर प्रदर्शन, धरना और रैलियों की अनुमति नहीं है।

पुलिस ने कहा कि अदालत के आदेश का उल्लंघन करते हुए टाउन हॉल के सामने किसी भी प्रकार की भीड़ जुटाना न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन माना जाएगा।

विभाग ने लोगों से अपील की कि वे फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे मंचों पर वायरल संदेश को जानबूझकर या अनजाने में आगे न बढ़ाएं और टाउन हॉल के पास एकत्र न हों।

कन्नड़ से अनूदित वायरल पोस्टर में समर्थकों से 24 मई को पूर्वाह्न 11 बजे बेंगलुरु के टाउन हॉल में शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला में शामिल होकर ‘‘कॉकरोच की ताकत सिर्फ ऑनलाइन ही नहीं, बल्कि सड़कों पर भी दिखाने’’ का आह्वान किया गया है।

पोस्टर में ‘‘सभी कॉकरोच और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रशंसकों’’ से आकर अपनी ताकत दिखाने और स्वार्थी प्रशासन को संदेश देने की अपील की गई थी।

इसमें ‘‘युवाओं का कोई भविष्य नहीं है’’, ‘‘छात्र नीट परीक्षा के बोझ तले दबे हैं’’, ‘‘महंगाई के कारण जीवन मुश्किल हो गया है’’, ‘‘हमारे वोट चुराए जा रहे हैं’’ और लोगों से एकत्र धन विदेश भेजे जाने जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया था।

संदेश में कहा गया है, ‘‘यहां कोई नेता नहीं है, हम खुद ही नेता हैं। यहां कोई संगठन नहीं है; लोगों का हाथ मिलाना ही संगठन है।’’

पुलिस ने कहा कि यह परामर्श कानून के प्रति जागरूकता पैदा करने और जनहित में जारी किया गया है।

व्यंग्यात्मक डिजिटल समूह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का ‘एक्स’ अकाउंट बृहस्पतिवार को भारत में रोक दिया गया। हालांकि इस पर रोक के कुछ ही देर बाद ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक और हैंडल बना दिया गया जिसकी टैगलाइन थी, ‘कॉकरोच मरते नहीं।’ इस सोशल मीडिया हैंडल ने पिछले सप्ताह लोकप्रियता हासिल की थी।

भाषा

गोला नरेश

नरेश


लेखक के बारे में