बिहार सरकार कुख्यात अपराधियों के लिए ‘उच्च सुरक्षा’ वाली जेल का निर्माण करेगी : सम्राट चौधरी
बिहार सरकार कुख्यात अपराधियों के लिए 'उच्च सुरक्षा' वाली जेल का निर्माण करेगी : सम्राट चौधरी
भभुआ, 24 मार्च (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही कैमूर जिले की अधौरा पहाड़ियों पर कुख्यात अपराधियों, गैंगस्टरों और आतंकवादियों के लिए एक ‘उच्च सुरक्षा’ वाली जेल का निर्माण करेगी।
अधिकारियों के मुताबिक इस जेल में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, स्कैनर, पैनिक अलार्म सिस्टम, अत्याधुनिक कमांड सेंटर और नयी तकनीक से लैस कई उपकरण लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान भभुआ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ राज्य सरकार जल्द ही कैमूर की अधौरा पहाड़ियों पर कुख्यात अपराधियों, गैंगस्टरों और आतंकवादियों के लिए एक ‘उच्च सुरक्षा’ वाली जेल का निर्माण करेगी। यह जेल केवल कुख्यात अपराधियों और आतंकवादियों के लिए होगी और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।’’
बिहार के गृह विभाग का कार्यभार भी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास ही है।
गृह विभाग के अधिकारी ने पहचान गुप्त रखे जाने की शर्त पर कहा, ‘‘ जेलों के अंदर से ही शातिर अपराधियों/गैंगस्टरों द्वारा अपने आपराधिक साम्राज्य को चलाने की कई घटनाएं सामने आने के बाद, संबंधित अधिकारियों ने राज्य में एक ‘उच्च सुरक्षा’ वाली जेल का निर्माण करने का फैसला किया है।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘ स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिहार पुलिस ने ‘उच्च सुरक्षा’ वाली इस जेल के निर्माण का फैसला किया है। आभूषण शोरूमों में हुई लूट और अन्य कई मामलों की जांच से पता चला कि जेल में बंद गैंगस्टर जेल के बाहर मौजूद अपने साथियों के संपर्क में कैसे रहते हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि इस जेल में केवल कुख्यात अपराधी और गैंगस्टर ही रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि विचाराधीन कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालती कार्यवाही करने हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विचाराधीन कैदियों से मिलने आने वाले आगंतुकों की विस्तृत रिपोर्ट की भी अनुमति देने से पहले गहन जांच की जाएगी।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


