बिहार: कैमूर जिले में दो सूटकेस से क्षत-विक्षत शव के अंग बरामद
बिहार: कैमूर जिले में दो सूटकेस से क्षत-विक्षत शव के अंग बरामद
भभुआ, 10 मई (भाषा) बिहार के कैमूर जिले में दुर्गावती नदी के किनारे दो सूटकेस के अंदर से शव के क्षत-विक्षत अंग मिले हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ये सूटकेस जिले के मोहनिया और रामगढ़ थाना क्षेत्रों के बीच स्थित एक पुल के नीचे मिले।
कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पुल के नीचे शव के अंग मिले हैं।
शुक्ला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमें ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि यहां दुर्गावती नदी पर बने एक पुल के नीचे शव के क्षत-विक्षत अंग मिले हैं।”
पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
शुक्ला ने बताया, “फिलहाल कैमूर जिले में किसी के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं है। हमने सीमावर्ती जिलों को घटना की जानकारी दे दी है।”
अधिकारी ने बताया कि पुलिस मृत व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास कर रही है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


