बीजू-सीआईए संबंध टिप्पणी: नवीन पटनायक ने निशिकांत दुबे से ‘मनोचिकित्सक’ से परामर्श लेने को कहा
बीजू-सीआईए संबंध टिप्पणी: नवीन पटनायक ने निशिकांत दुबे से ‘मनोचिकित्सक’ से परामर्श लेने को कहा
(फाइल फोटो के साथ)
भुवनेश्वर, 30 मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सोमवार को कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के खिलाफ ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे को ‘‘मनोचिकित्सक’’ के परामर्श की आवश्यकता है।
दुबे की टिप्पणी की निंदा करते हुए बीजद प्रमुख ने यहां ओडिशा विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस तरह की अपमानजनक बातें कहने को लेकर भाजपा सांसद को किसी मनोचिकित्सक की सलाह की आवश्यकता है।’’
भाजपा नेता ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया था कि 1960 के दशक में चीन के खिलाफ युद्ध के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और सीआईए के बीच बीजू पटनायक कड़ी थे।
नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘दुबे ने बीजू बाबू के बारे में जो आपत्तिजनक बातें कही हैं, उन्हें सुनकर मैं हैरान हूं।’’
पुरानी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं उस समय बहुत छोटा था, लगभग 13 साल का। मुझे याद है कि चीनी हमले को लेकर बीजू बाबू कितने गुस्से में थे और उन्होंने इसे रोकने के लिए कितना कुछ किया था।’’
दुबे के बयान से ओडिशा में हंगामा मच गया है। बीजू पटनायक के समर्थकों ने चीनी युद्ध प्रकरण में उनका नाम घसीटने के लिए भाजपा सांसद की आलोचना की है।
बीजद के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस और नेहरू को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश में भाजपा सांसद ने बीजू पटनायक का नाम लिया है।’’
इस बीच, बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने दुबे की टिप्पणियों पर उनकी अध्यक्षता वाली एक संसदीय समिति से इस्तीफा दे दिया।
कम से कम चार अन्य सांसदों – मानस मंगराज, सुभाशीष खुंटिया, मुजीबुल्ला खान और निरंजन बिशी ने भाजपा सांसद की आलोचना की तथा उन पर ‘‘ओडिशा के गौरव का अपमान’’ करने का आरोप लगाया।
बीजद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने दुबे के बयान की कड़ी निंदा की और उनसे एक ‘‘देशभक्त’’ के खिलाफ इस तरह की ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने के लिए माफी मांगने की मांग की।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


