ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी पर टिप्पणी: भाजपा ने राहुल को ‘अपरिपक्व’ बताया
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी पर टिप्पणी: भाजपा ने राहुल को ‘अपरिपक्व’ बताया
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हाल में हुई बढ़ोतरी पर की गई राहुल गांधी की टिप्पणियों की सोमवार को आलोचना की और कांग्रेस नेता पर देश को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के उस तीखे हमले के बाद आई है जिसमें उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई हालिया बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि ‘महंगाई मानव’ ने फिर से हमला किया है। उन्होंने कहा था कि मोदी का काम सिर्फ चुनाव के दौरान वादे करना और बाकी समय लोगों की जेब पर हमला करना है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को क्रमश: 2.61-2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जो दो हफ्ते से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता को ‘‘अपरिपक्व और अराजक’’ कहा और आरोप लगाया कि ‘‘विपक्ष के नेता देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
भाटिया ने बताया कि दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें काफी बढ़ी हैं, लेकिन भारत में खासकर अमेरिका, ब्रिटेन और खाड़ी देशों को देखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी इसकी तुलना में कम रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘राहुल गांधी, अगर आपका मकसद अराजकता फैलाना है, तो हम भी भारत को और मजबूत बनाने का पक्का इरादा रखते हैं।’’
उन्होंने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस वैश्विक चुनौती का असरदार तरीके से सामना कर रहा है। भाटिया ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और लोग मोदी सरकार का समर्थन करते हैं।
भाषा वैभव सुभाष
सुभाष

Facebook


