त्यौहारों से पहले महंगाई से ध्यान भटकाने वाले स्टंट में जुटी भाजपा : खरगे
त्यौहारों से पहले महंगाई से ध्यान भटकाने वाले स्टंट में जुटी भाजपा : खरगे
( फाइल फोटो के साथ )
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने त्योहारों से पहले ‘आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी’ को लेकर बुधवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि ‘‘ध्यान भटकाने वाले स्टंट’’ और ‘‘बेतुकी बातों’’ में उलझाकर महंगाई के मुद्दे से बचने की कोशिश की जा रही है।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस और जनता महंगाई को लेकर सवाल पूछती रहेगी।
उन्होंने खाद्य वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतें दर्शाने वाला एक चार्ट भी साझा किया और आम आदमी की रसोई का जिक्र करते हुए प्याज, चीनी और सरसों तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि प्याज के दाम सालभर में 59 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं और कई शहरों में यह 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत 60-70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है और कुछ जगहों पर यह 72 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है।
उनके मुताबिक, सरसों के तेल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो चुकी है।
खरगे ने खाद्य मुद्रास्फीति के 5.52 प्रतिशत और थोक मुद्रास्फीति के 9.78 प्रतिशत हो जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि महंगाई आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के करीब 12 साल के कार्यकाल में ‘‘अच्छे दिनों’’ की स्थिति यह है कि कभी दाल, कभी सब्जी, कभी तेल और कभी चीनी की कीमतें आम आदमी का बजट बिगाड़ रही हैं।
भाषा हक तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


