‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोक नहीं सकेगी भाजपा सरकार, यह होकर रहेगा: कांग्रेस

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोक नहीं सकेगी भाजपा सरकार, यह होकर रहेगा: कांग्रेस

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोक नहीं सकेगी भाजपा सरकार, यह होकर रहेगा: कांग्रेस
Modified Date: August 6, 2026 / 06:36 pm IST
Published Date: August 6, 2026 6:36 pm IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर प्रयागराज में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रद्द कराने के प्रयास का आरोप लगाया और कहा कि सरकार कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन यह कार्यक्रम होकर रहेगा।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए लगातार छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं जिससे भाजपा घबराई हुई है।

गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार इसे रद्द कराने की भरसक कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल के प्रबंधन का कहना है कि प्रशासन उन्हें डरा-धमकाकर कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने का दबाव बना रहा है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘इस संवाद कार्यक्रम के लिए लाखों छात्रों ने पंजीकरण कराया है और देशभर के छात्र इसका इंतजार कर रहे हैं। यह कार्यक्रम निर्धारित स्थान पर ही आयोजित किया जाएगा।’’

गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानून का इस्तेमाल अपने हिसाब से कर रही है और संविधान की भावना के विपरीत काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से सभा आयोजित करना सभी का अधिकार है तथा कांग्रेस सभी आवश्यक अनुमतियां लेकर नियमों के तहत कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज प्रशासन से कार्यक्रम में बाधा नहीं डालने का आग्रह करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।

सांसद तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को इसलिए रोकना चाहती है क्योंकि वह युवाओं के राहुल गांधी के साथ आने से डर गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है और उनकी आवाज उठाती रहेगी।

भाषा हक हक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में