भाजपा का गठबंधन जनता से है:हरियाणा के मुख्यमंत्री का पंजाब चुनाव में गठबंधन की संभावना से इनकार

भाजपा का गठबंधन जनता से है:हरियाणा के मुख्यमंत्री का पंजाब चुनाव में गठबंधन की संभावना से इनकार

भाजपा का गठबंधन जनता से है:हरियाणा के मुख्यमंत्री का पंजाब चुनाव में गठबंधन की संभावना से इनकार
Modified Date: July 5, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: July 5, 2026 8:29 pm IST

चंडीगढ़, पांच जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को विश्वास जताया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव किसी दल से गठबंधन करके नहीं लड़ेगी, क्योंकि उसका गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।

जालंधर में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने भगवंत मान सरकार से यह भी मांग की कि वह श्वेत पत्र जारी कर बताए कि पंजाब की जनता से किए गए कितने चुनावी वादे पूरे किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।’’

एक प्रश्न के उत्तर में सैनी ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है और पंजाब की जनता राज्य को मजबूत तथा समृद्ध देखना चाहती है।’’

कांग्रेस की पंजाब इकाई में कथित गुटबाजी के सवाल पर सैनी ने दावा किया कि यह कांग्रेस के डीएनए में ही है।

पंजाब में वर्तमान और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव से पहले कांग्रेस ने लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। इसलिए जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में आई, लेकिन वह भी अपने बड़े-बड़े वादे पूरे नहीं कर सकी। उसने 56 वादे किए थे। मैं भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि वे श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि उनमें से कितने वादे पूरे किए गए।’’

सैनी ने आरोप लगाया कि ‘आप’ ने वोट लेने के लिए जनता से झूठे वादे किए। आज पंजाब का युवा नशे और बेरोजगारी से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों से किए गए वादे भी पूरे नहीं किए गए हैं।

सैनी ने दावा किया, ‘‘अब पंजाब की जनता राज्य में डबल इंजन की सरकार चाहती है।’’

इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती की पूर्व संध्या पर पठानकोट में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आज पंजाब का हर वर्ग अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है। युवाओं से रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन आज बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में हैं।’’

सैनी ने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के ‘‘बड़े-बड़े वादे’’ किए थे, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी वे पूरे नहीं हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये दिए जा रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसान, युवा, माताएं और बहनें ही राज्य की दिशा और भविष्य तय करेंगे।

पंजाब सरकार ने बुधवार को आधिकारिक रूप से ‘मावां धियां सत्कार योजना’ शुरू की, जिसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी) की महिलाओं को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी से योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले किया गया अपना चुनावी ‘गारंटी’ वाला अंतिम वादा भी पूरा कर दिया है।

पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अगले वर्ष प्रस्तावित हैं।

भाषा गोला संतोष

संतोष


लेखक के बारे में